0.महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और आत्मनिर्भरता को बनाया चुनावी एजेंडा
राजनांदगांव, 25 मार्च 2026। महिला नेतृत्व को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत सुश्री लीला मानिक महिला प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए चुनावी मैदान में उतर चुकी हैं। उनका चुनाव चिन्ह “जलता हुआ दीपक” है, जो ज्ञान, आशा और प्रगति का प्रतीक माना जाता है।
सुश्री लीला मानिक वर्तमान में शासकीय प्राथमिक शाला (इंग्लिश मीडियम) इग्नाइट स्कूल, राजनांदगांव में शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं। शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है, विशेषकर बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने में उनकी सक्रिय भूमिका सराहनीय रही है।
उनका चुनावी एजेंडा पूरी तरह महिला सशक्तिकरण पर केंद्रित है। इसमें बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन, महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता के अवसर सृजित करना, महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना तथा स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार जैसे प्रमुख बिंदु शामिल हैं। उनका मानना है कि महिलाओं के सशक्त होने से ही समाज और राष्ट्र का समग्र विकास संभव है।
इस चुनाव की विशेषता यह है कि इसमें केवल महिला मतदाता ही मतदान करेंगी, जो महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने की दिशा में एक अनूठी पहल मानी जा रही है।
सुश्री मानिक को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है, जिनमें नई दुनिया नायिका अवार्ड, सावित्री शिक्षा रत्न फूले सम्मान, सतगुरु साहेब नेशनल अवार्ड, डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम अवॉर्ड, इंटरनेशनल लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड, डॉ. राजेंद्र प्रसाद शुक्ला राज्य स्तरीय एजुकेशन अवार्ड तथा भारत समता साहित्य अकादमी सम्मान प्रमुख हैं।
वे मानिकपुरी समाज से जुड़ी हुई हैं और सामाजिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उनका संदेश “नई वंदना को नमन, साहेब बंदगी साहेब” सामाजिक एकता और आध्यात्मिक जुड़ाव को दर्शाता है।
सुश्री लीला मानिक न केवल एक शिक्षिका, बल्कि समाजसेवी और महिला अधिकारों की सशक्त आवाज़ के रूप में भी उभर रही हैं। उनका यह चुनाव केवल एक पद की दावेदारी नहीं, बल्कि महिलाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक सशक्त पहल के रूप में देखा जा रहा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि महिला मतदाता उनके “जलते दीपक” को कितना समर्थन देती हैं।
