बड़ी खबर : NEET UG 2026 परीक्षा रद्द, पेपर लीक मामले की जांच CBI को सौंपी गई – vedantsamachar.in

बड़ी खबर : NEET UG 2026 परीक्षा रद्द, पेपर लीक मामले की जांच CBI को सौंपी गई

नई दिल्ली। मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली देश की सबसे बड़ी परीक्षा NEET UG 2026 को केंद्र सरकार ने रद्द कर दिया है। परीक्षा में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक के आरोपों के बाद यह बड़ा फैसला लिया गया है। सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी है। वहीं, परीक्षा आयोजित करने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने जल्द ही नई परीक्षा तिथि घोषित करने की बात कही है।

बताया जा रहा है कि NEET UG 2026 परीक्षा 3 मई को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी। परीक्षा के बाद कई राज्यों से पेपर लीक और अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई थीं। सोशल मीडिया पर भी परीक्षा से जुड़े प्रश्नपत्र वायरल होने के दावे किए गए थे, जिसके बाद मामला तेजी से तूल पकड़ने लगा।

बढ़ते विवाद और छात्रों- अभिभावकों के विरोध को देखते हुए केंद्र सरकार ने परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया। एनटीए द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद NEET UG 2026 परीक्षा को निरस्त किया गया है। साथ ही निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए पूरे मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो को सौंप दी गई है।

सरकार के इस फैसले के बाद अब लाखों छात्रों को दोबारा परीक्षा देनी होगी। हालांकि एनटीए ने आश्वासन दिया है कि नई परीक्षा तिथियों की घोषणा जल्द की जाएगी ताकि विद्यार्थियों की तैयारी और प्रवेश प्रक्रिया प्रभावित न हो।

गौरतलब है कि NEET UG परीक्षा देशभर के सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में MBBS, BDS और अन्य मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है। हर साल लाखों छात्र इस परीक्षा में शामिल होते हैं। ऐसे में परीक्षा रद्द होने से छात्रों और अभिभावकों में चिंता और असमंजस की स्थिति बन गई है।

शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जरूरी है। वहीं छात्र संगठन लगातार निष्पक्ष जांच और सुरक्षित परीक्षा प्रणाली की मांग कर रहे हैं।