नई दिल्ली, 12 मई : ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की रेस में कांटे की टक्कर चल रही है. ऑरेंज कैप फिलहाल SRH के हेनरिक क्लासेन के सिर पर सजी है. वहीं, पर्पल कैप RCB के भुवनेश्वर कुमार के पास है. लेकिन, इस रेस में क्लासेन और भुवी को टक्कर भी जोरदार मिल रही है. हेनरिक क्लासेन को अपनी ही टीम के साथी अभिषेक शर्मा, केएल राहुल जैसे बल्लेबाजों से ऑरेंज कैप की रेस में टक्कर मिल रही है तो वहीं पर्पल कैप में भुवी के लिए अंशुल कंबोज, रबाडा जैसे गेंदबाज खतरा बने हैं. आईपीएल 2026 का 56वां मैच जो कि सनराइजर्स हैदराबाद और गुजरात टाइटंस के बीच अहमदाबाद में खेला जाना है, उसके बाद भी ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की रेस में बदलाव होता दिख सकता है.
हेनरिक क्लासेन के सिर पर ऑरेंज कैप
अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस के खिलाफ हेनरिक क्लासेन भी SRH का हिस्सा होंगे, जिनके पास ऑरेंज कैप पर अपने दावे को और मजबूत करने का मौका होगा. क्लासेन के फिलहाल 11 मैच की 11 पारियों में 494 रन हैं. अब क्लासेन अगर गुजरात टाइटंस के खिलाफ एक बड़ी पारी खेलते हैं तो वो 500 रन की दहलीज तो लांघेंगे ही, उसके अलावा ऑरेंज कैप पर कब्जा बनाए रख सकते हैं.
क्लासेन – अभिषेक के 500 रन होंगे पूरे
वैसे ऑरेंज कैप की रेस में अभिषेक शर्मा भी ज्यादा पीछे नहीं है. पंजाब किंग्स के खिलाफ 11 मई को खेले मुकाबले के बाद दिल्ली कैपिटल्स के केएल राहुल ने भले ही उन्हें पीछे छोड़ा है. मगर उनके बीच का फासला सिर्फ 2 रन का है. केएल राहुल के 11 पारियों में 477 रन हैं तो वहीं अभिषेक के उतनी ही पारियों में 475 रन हैं. यानी देखा जाए तो 500 रन की दहलीज लांघने से अभिषेक भी ज्यादा दूर नहीं हैं और गुजरात टाइटंस के खिलाफ उनके पास भी क्लासेन के जैसे ये कमाल करने का मौका होगा.
पर्पल कैप पर भुवी का कब्जा, ‘चौके’ से बनेगी रबाडा की बात
जहां तक पर्पल कैप का सवाल है एक अच्छी बढ़त के साथ वो भुवनेश्वर कुमार के सिर पर है. लेकिन, अगर गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज कैगिसो रबाडा ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ IPL 2026 में अपना बेस्ट दिया और इस सीजन पहली बार एक मैच में विकेटों का चौका लगाने का कारनामा किया तो फिर वो पर्पल कैप के हकदार बन जाएंगे. हालांकि, जिस तरह की SRH की बैटिंग लाइन अप है, रबाडा के लिए 4 विकेट चटकाना आसान नहीं होगा.

