मनेन्द्रगढ़,10 फरवरी (वेदांत समाचार) । जनकपुर से रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर जा रही एक दुर्गा बस मंगलवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह हादसा पोड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत नागपुर रेलवे स्टेशन के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा घुसी।
हादसे के समय बस में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे करीब 54 जोड़े सवार थे। दुर्घटना में बस में बैठे सभी यात्री घायल हो गए। घायलों को तत्काल नजदीकी नागपुर उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के जान गंवाने की सूचना नहीं है, हालांकि कई जोड़ों को गंभीर चोटें आने की जानकारी सामने आई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की गति अधिक थी। नागपुर रेलवे स्टेशन के पास चालक का संतुलन बिगड़ने से बस सड़क से उतरकर गड्ढे में जा फंसी। हादसे के बाद बस चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए, जिससे घायलों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही पोड़ी थाना और नागपुर चौकी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच प्रारंभ कर दी है तथा फरार चालक-कंडक्टर की तलाश जारी है।
इस हादसे ने एक बार फिर प्रशासनिक तैयारियों और परिवहन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि विवाह जैसे संवेदनशील कार्यक्रमों के दौरान वाहनों की फिटनेस जांच, गति नियंत्रण और जिम्मेदार स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
