Vedant Samachar

प्रधानमंत्री के खिलाफ सोशल मीडिया पर घृणित पोस्ट साजिश का हिस्सा, फेसबुक सीईओ पर कार्रवाई की मांग

Vedant Samachar
3 Min Read

— सभापति नूतनसिंह ठाकुर ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

कोरबा,10 फरवरी(वेदांत समाचार)। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चरित्र पर लांछन लगाने और समाज में विद्वेष फैलाने के उद्देश्य से किए जा रहे कथित झूठे व आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर नगर निगम कोरबा के सभापति नूतनसिंह ठाकुर ने कड़ा विरोध जताया है। इस संबंध में उन्होंने पुलिस अधीक्षक कोरबा को लिखित शिकायत सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में बताया गया है कि बीते कुछ दिनों से फेसबुक पर अनेक फर्जी एवं अज्ञात आईडी के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के फोटो को एडिट कर उन्हें विदेशी महिलाओं के साथ जोड़ते हुए अभद्र एवं घृणास्पद टिप्पणियां की जा रही हैं। इन पोस्टों में बिना किसी तथ्य या प्रमाण के प्रधानमंत्री को कुख्यात अपराधी जैफ्री एप्सटीन से जोड़ने का प्रयास किया गया है, जिससे जनमानस को भ्रमित किया जा रहा है।

सभापति ठाकुर ने अपनी शिकायत में उल्लेख किया है कि ‘Arvind Av Galchar’, ‘Shahir Khan Official’, ‘राव साहब’, ‘मलिक साहब’, ‘समाजवादी विचारधारा’ तथा ‘Rudra Bhartsatya’ नामक फेसबुक आईडी से प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक, भ्रामक और तथ्यहीन सामग्री प्रसारित की गई। इन पोस्टों के माध्यम से प्रधानमंत्री की छवि धूमिल करने के साथ-साथ सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक माहौल को बिगाड़ने की साजिश की जा रही है।

नूतनसिंह ठाकुर ने कहा कि देश के संवैधानिक पद पर आसीन प्रधानमंत्री के खिलाफ इस प्रकार के निराधार आरोप न केवल आपराधिक कृत्य हैं, बल्कि इससे समाज में असंतोष, आक्रोश और अशांति फैलने की आशंका भी उत्पन्न हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि फेसबुक प्रबंधन द्वारा ऐसे भ्रामक कंटेंट पर समय रहते रोक नहीं लगाई जा रही है, जिससे यह सामग्री लाखों लोगों तक पहुंच रही है।

उन्होंने कहा कि भारतीय न्याय संहिता के तहत किसी व्यक्ति की छवि को नुकसान पहुंचाने, फोटो से छेड़छाड़ कर झूठी खबर फैलाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। इस मामले में फेसबुक इंडिया के सीईओ अजित मोहन को प्रथम दृष्टया जिम्मेदार मानते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच की मांग की गई है।

इस अवसर पर अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी लक्ष्मण पटेल, अशोक पाल, महेश्वर सिंह, हरिश्चंद्र भारती, दीपक साहू एवं उत्तम आदिले भी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक कोरबा ने शिकायत पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Share This Article