भारत में युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हुई TVS Raider 125 ने बिक्री के मामले में नया बड़ा रिकॉर्ड बना लिया है. सितंबर 2021 में लॉन्च हुई यह बाइक अब तक घरेलू और एक्सपोर्ट मार्केट मिलाकर 19 लाख से ज्यादा यूनिट्स की बिक्री पार कर चुकी है. मार्च 2026 तक Raider 125 की कुल बिक्री 19,07,277 यूनिट्स तक पहुंच गई है. इसमें भारत में 16.2 लाख यूनिट्स की बिक्री हुई, जबकि 2.86 लाख से ज्यादा बाइक्स विदेशों में एक्सपोर्ट की गईं.
TVS की यह पहली 125cc स्पोर्टी कम्यूटर बाइक थी और कंपनी का यह फैसला काफी सफल साबित हुआ. जिस समय भारत में 125cc सेगमेंट तेजी से लोकप्रिय हो रहा था, उसी समय TVS ने Raider 125 को बाजार में उतारा. इसका फायदा कंपनी को खूब मिला. FY2022 से मार्च 2026 तक TVS की कुल मोटरसाइकिल बिक्री में Raider 125 की हिस्सेदारी करीब 31 प्रतिशत रही है. अगर TVS की दूसरी लोकप्रिय बाइक सीरीज TVS Apache की बात करें, तो इसी दौरान Apache की 20.7 लाख यूनिट्स बिकीं. कंपनी की कुल बाइक बिक्री में Apache की हिस्सेदारी 38 प्रतिशत रही. इससे साफ है कि Raider 125 ने कम समय में TVS के लिए मजबूत जगह बना ली है.
क्यों पसंद की जाती है बाइक?
Raider 125 की सफलता के पीछे इसकी स्पोर्टी डिजाइन सबसे बड़ा कारण मानी जा रही है. जहां इस सेगमेंट की बाकी बाइक्स साधारण डिजाइन के साथ आती हैं, वहीं Raider 125 का लुक काफी मॉडर्न और युवाओं को अट्रैक्ट करने वाला है. इसी वजह से इस बाइक को साल 2022 में Autocar India की तरफ से Bike of the Year 2022 का अवॉर्ड भी मिला था. इसकी स्टाइलिंग, दमदार इंजन और किफायती कीमत को काफी पसंद किया गया.
Raider 125 की कीमत
भारत में TVS Raider 125 की कीमत करीब 82 हजार रुपये से शुरू होकर 97 हजार रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है. यह बाइक कुल सात वेरिएंट्स में उपलब्ध है, जिनमें Drum, Single Seat, SSE, iGO, Split Seat, SXC DD और TFT DD शामिल हैं. हालांकि आने वाले समय में Raider 125 की बिक्री इसी तरह बढ़ती रहेगी या नहीं, यह कहना अभी मुश्किल है. मौजूदा समय में पेट्रोल की बढ़ती कीमतों और कच्चे तेल की सप्लाई को लेकर चिंता के बीच भारतीय ग्राहक ज्यादा माइलेज देने वाली 100-110cc बाइक्स की तरफ ज्यादा ध्यान दे रहे हैं. ऐसे में 125cc सेगमेंट की ग्रोथ पर थोड़ा असर पड़ सकता है.
इंजन और माइलेज
इस बाइक में 124.8cc का इंजन मिलता है, जो 11.4hp की पावर और 11.75Nm का टॉर्क पैदा करता है. बाइक में 5-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है. इसकी टॉप स्पीड करीब 99 किलोमीटर प्रति घंटा है. वहीं कंपनी के मुताबिक यह बाइक ARAI प्रमाणित 56.7 किलोमीटर प्रति लीटर तक का माइलेज देती है. फीचर्स की बात करें तो Raider 125 इस सेगमेंट की काफी एडवांस बाइक मानी जाती है. इसमें राइड मोड्स, 5-इंच TFT डिस्प्ले, SmartXonnect टेक्नोलॉजी और Boost Mode जैसे फीचर्स मिलते हैं. नई SXC DD और TFT DD वेरिएंट्स में सिंगल-चैनल ABS भी दिया गया है.

