महिला आरक्षक ने लेह लद्दाख के UT KANGRI की चोटी पर गाड़ा कबीरधाम पुलिस का झंडा, SP ने महिला आरक्षक को किया सम्मानित

कवर्धा 25 जनवरी (वेदांत समाचार)।  कबीरधाम में पदस्थ महिला आरक्षक अंकिता गुप्ता ने छत्तीसगढ़ सहित पुरे देश का मान बढ़ाया है। महिला आरक्षक अंकिता गुप्ता ने लेह लद्दाख के युटी कांगरी की 6080 मीटर की ऊंची चढ़ाई चढ़कर चोटी पर कबीरधाम पुलिस का झंडा गाड़ा है।

कबीरधाम पुलिस के नक्सल सेल में पदस्थ महिला आरक्षक अंकिता गुप्ता ने कबीरधाम पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीषा ठाकुर रावटे तथा उप. पुलिस अधीक्षक नक्सल अजीत ओगरे के दिशा निर्देश पर बूस्ट एंड कैम्प्रोन कंपनी के माध्यम से लेह लद्दाख में आयोजित विंटर चैलेंज कंपटीशन में हिस्सा लिया। ये प्रतियोगिता 11 जनवरी से 19 जनवरी 2022 तक लद्दाख में आयोजित किया गया था।

इस दौरान युटी कांगरी (Flag on UT KANGRI) लेह की बर्फ से ढके चोटियों पर 6080 मीटर यानी 19914 फीट की ऊंची चोटी की चढ़ाई का लक्ष्य रखा गया था, जिसमें पूरे भारत के 9 अलग-अलग राज्यों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसमे 2 प्रतिभागियों ने इस ने इस लक्ष्य को पूरा किया। चोटी पर चढ़ाई करने वालों में कबीरधाम पुलिस की महिला आरक्षक अंकिता गुप्ता है। जिन्होंने 17 जनवरी 2022 को चढ़ाई प्रारंभ किया था, और 18 जनवरी को रात 10:18 बजे निर्धारित लक्ष्य तक पहुंच कर कबीरधाम पुलिस का झंडा लगाकर कबीरधाम पुलिस एवं कबीरधाम जिले का नाम रोशन किया है।

चढ़ाई के दौरान तापमान -39 डिग्री तक पहुंच गया था। बर्फ से ढके चट्टान चढ़ाई के दौरान सरक रहे थे जिससे कई चोटें भी अंकिता को लगी, जिसके बावजूद अंकिता के बुलंद हौसले और कबीरधाम पुलिस कप्तान डॉ. लाल उमेद सिंह एवं वन मंडल अधिकारी दिलराज प्रभाकर के बढ़ाए गए हौसले का मान बनाए रखते हुए चढ़ाई को पूरा कर एक नई मिसाल जिले के सामने प्रस्तुत किया है।

गौरतलब है कि कबीरधाम पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के द्वारा जिले के युवाओं को रोजगार एवं शिक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार सामुदायिक पुलिसिंग के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। जिसमे शहरी एवं वनांचल ग्रामवासी छात्र/छात्राओं तथा युवा अभ्यर्थियों को पुलिस भर्ती, आर्मी भर्ती, बी.एस.एफ, आई.टी.बी.पी. एवं अन्य थल सेना भर्ती रैली की निशुल्क तैयारी पुलिस फोर्स अकैडमी कबीरधाम के माध्यम से कराया जा रहा है। साथ ही खिलाड़ी छात्र/छात्राओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ा कर जिले का नाम रोशन करने तैयारी की जा रही है।

कवर्धा पुलिस अधीक्षक ने महिला आरक्षक अंकिता गुप्ता (Flag on UT KANGRI) को सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सम्मानित किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीषा ठाकुर रावटे, उप पुलिस अधीक्षक नक्सल अजीत ओगरे, उप पुलिस अधीक्षक नक्सल संजय धुर्वे एवं कार्यालयीन अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहकर महिला आरक्षक अंकिता गुप्ता को बधाई देकर उज्जवल भविष्य की कामना की गई।