संभागायुक्त चुरेन्द्र को दी गई विदाई, धावड़े का किया गया स्वागत

जगदलपुर25 जनवरी (वेदांत समाचार)। संभागायुक्त कार्यालय जगदलपुर के सभागार में आयोजित समारोह में सोमवार को बस्तर संभाग के निवर्तमान संभागायुक्त जीआर चुरेन्द्र को भावभीनी विदाई देने के साथ ही नवपदस्थ संभागायुक्त श्याम धावड़े का आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर अधिकारी-कर्मचारियों ने इन दोनों अधिकारियों की कार्यकुशलता की भूरि-भूरि सराहना की।

उल्लेखनीय है कि निवर्तमान संभागायुक्त चुरेन्द्र का स्थानांतरण सरगुजा संभागायुक्त के पद पर किया गया है। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मीणा, उपायुक्त बीएस सिदार एवं श्रीमती माधुरी सोम सहित अधिकारी-कर्मचारियों ने चुरेन्द्र को स्मृति स्वरुप काष्ठ प्रतिमा भेंट की।

इस अवसर पर निवर्तमान संभागायुक्त चुरेन्द्र ने बस्तर संभाग में बिताए गए लगभग एक वर्ष की अवधि को अविस्मरणीय बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें इस दौरान संभाग के सभी अधिकारी-कर्मचारियों का भरपूर सहयोग मिला। चुरेन्द्र ने कहा कि बस्तर में कार्य करने की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारियों के प्रयासों से बस्तर बस्तर के विकास की रफ्तार बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि बस्तर में शांति की स्थापना और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी का भरपूर सहयोग मिला। इस अवसर पर उन्होंने नवपदस्थ संभागायुक्त श्याम धावड़े के कार्यों की सराहना करते हुए एक ऊर्जावान एवं कर्मठ अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में बस्तर संभाग में विकास की नई गाथा लिखी जाएगी।

इस अवसर पर नवपदस्थ संभागायुक्त धावड़े ने निवर्तमान संभागायुक्त चुरेन्द्र को एक कुशल प्रशासनिक अधिकारी के साथ ही एक बेहतरीन इंसान बताया। उन्होंने कहा कि चुरेन्द्र के नेतृत्व में गरियाबंद में कार्य करने के साथ ही अन्य स्थानों में भी कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ। इस दौरान उन्होंने चुरेन्द्र में व्यवहारिक अनुभव बहुत ही व्यापक पाया। अपने मिलनसार स्वभाव के कारण वे अपने सभी अधिकारी-कर्मचारियों के साथ बहुत ही जल्द आत्मीय व पारिवारिक व्यवहार स्थापित करते हैं, जिससे उनके साथ कार्य करना बहुत ही आसान होता है। चुरेन्द्र का बस्तर में कार्य करने का लंबा अनुभव है तथा उनके मन में बस्तर के विकास के प्रति अपार उत्कंठा है। बस्तर के विकास के लिए आगे भी चुरेन्द्र का मार्गदर्शन मिलता रहेगा। उन्होंने चुरेन्द्र को सरगुजा संभागायुक्त के तौर पर मिले नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे बस्तर की भांति सरगुजा को भी विकास के पथ पर आगे बढ़ाएंगे।

इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने निवर्तमान संभागायुक्त चुरेन्द्र को कर्मठ, दुरदर्शी और अत्यंत संवेदनशील बताते हुए उनके कार्यों की भुरी-भुरी सराहना की। उन्होंने कहा कि बस्तर अंचल में चुरेन्द्र के लंबे कार्यकाल के अनुभव के साथ ही उनके व्यवहार के कारण यहां हर वर्ग के लोगों के साथ उनका आत्मीय संबंध सहजता से स्थापित हो जाता है। चुरेन्द्र एक प्रशासनिक अधिकारी होने के साथ ही सामाजिक क्षेत्रों भी निरंतर कार्य कर रहे हैं तथा सभी क्षेत्रों में उनका कार्य सराहनीय और प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि बस्तर में शांति की स्थापना और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में चुरेन्द्र का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने चुरेन्द्र को को नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर उपायुक्त बीएस सिदार, श्रीमती माधुरी सोम, शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक हेमंत उपाध्याय, ग्रामीण सेवा यांत्रिकी के अधीक्षण अभियंता कश्यप, कोष, लेखा एवं पेंशन के संयुक्त संचालक दिवाकर राठौर सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।