Vedant Samachar

अंतिम तिमाही में उत्पादन और डिस्पैच को गति देने SECL सीएमडी एक्शन मोड में, कोरबा के मेगाप्रोजेक्ट्स का किया गहन निरीक्षण

Vedant samachar
3 Min Read

कोरबा, 07 फरवरी (वेदांत समाचार)। वित्तीय वर्ष की अंतिम तिमाही में कोयला उत्पादन एवं डिस्पैच को रफ्तार देने के उद्देश्य से साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन आज 7 फरवरी 2026 को तड़के कोरबा पहुँचे और कंपनी के प्रमुख मेगाप्रोजेक्ट्स का गहन निरीक्षण किया।

सीएमडी श्री दुहन ने अपने दौरे की शुरुआत एशिया की सबसे बड़ी कोयला खदान गेवरा माइंस से की। उन्होंने यहां कोल हैंडलिंग प्लांट (सीएचपी) का निरीक्षण करते हुए कोयला डिस्पैच व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। लोडिंग, ट्रांसपोर्टेशन और आउटफ्लो सिस्टम की स्थिति का जायजा लेते हुए उन्होंने डिस्पैच प्रक्रिया को और अधिक सुचारु बनाने के निर्देश दिए।

मानसून पूर्व तैयारियों के मद्देनज़र सीएमडी ने पम्पिंग स्टेशन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जल निकासी व्यवस्था, उपकरणों की उपलब्धता और ऑपरेशनल तत्परता की समीक्षा करते हुए संभावित चुनौतियों से समय रहते निपटने के निर्देश दिए। इसके पश्चात उन्होंने पीएनसी पैच, सैनिक पैच और रुंगटा पैच का निरीक्षण किया, जहां दिनवार कोयला उत्पादन, ओवरबर्डन हटान तथा अन्य गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन एफएमसी परियोजना का अवलोकन करते हुए श्री दुहन ने परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया। गेवरा दौरे के दौरान कंपनी के मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री हिमांशु जैन भी सीएमडी के साथ उपस्थित रहे।

इसके पश्चात सीएमडी श्री दुहन कुसमुंडा माइंस पहुँचे, जहां उन्होंने डिपार्टमेंटल पैच, गोदावरी पैच तथा नीलकंठ ए एवं बी संविदा पैच का निरीक्षण किया। यहां शेष दिनों में अधिकतम कोयला उत्पादन सुनिश्चित करने के लिए दैनिक ओवरबर्डन बढ़ाने, संसाधनों के प्रभावी उपयोग और कार्य निष्पादन में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान सीएमडी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वित्तीय वर्ष की अंतिम तिमाही अत्यंत महत्वपूर्ण है, ऐसे में हर स्तर पर सतत निगरानी, बेहतर आपसी समन्वय और त्वरित निर्णय लेकर उत्पादन एवं डिस्पैच लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित की जाए।

उल्लेखनीय है कि सीएमडी हरीश दुहन रविवार को भी प्रातः गेवरा खदान के डिपार्टमेंटल पैच का निरीक्षण करेंगे, जिससे अंतिम तिमाही के लक्ष्यों को हासिल करने की रणनीति को और अधिक मजबूती मिल सकेगी।

Share This Article