राजगढ़ ,07 फरवरी(वेदांत समाचार)। मध्यप्रदेश में आवारा कुत्तों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है और इसका सबसे बड़ा शिकार मासूम बच्चे बन रहे हैं। ताजा मामला राजगढ़ जिले के छापीहेड़ा थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां डेढ़ साल की बच्ची पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार, मासूम भव्या अपनी नानी के घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान अचानक आवारा कुत्तों का झुंड वहां पहुंचा और बच्ची को घसीटते हुए नोचने लगा।
बच्ची की चीख-पुकार सुनकर जब मां बाहर पहुंची तो उसने लहूलुहान हालत में कुत्तों के बीच से किसी तरह अपनी बेटी को बचाया। घटना के बाद बच्ची को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे शाजापुर रेफर कर दिया गया। फिलहाल मासूम का इलाज जारी है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में लगातार बच्चों पर आवारा कुत्तों के हमले हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
