अहिवारा विस के युकां अध्यक्ष ने ढाबा पर युवक को निर्वस्त्र कर पीटा

भिलाई ,23 जनवरी (वेदांत समाचार)। नंदिनी टाउनशिप में रहने वाले एक युवक ने युवा कांग्रेस के अहिवारा विधानसभा अध्यक्ष अमनदीप सिंह व उसके दोस्तों पर सार्वजनिक स्थान पर निर्वस्त्र कर के पीटने के आरोप लगाया है।

घटना की शिकायत पर नंदिनी पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

नंदिनी थाना प्रभारी एसएन सिंह ने बताया कि घटना शुक्रवार की रात करीब 10 बजे की है। नंदिनी टाउनशिप निवासी शिकायतकर्ता लोमेश कुमार ध्रुव शुक्रवार की रात को अपने दोस्त हरेंद्र चेलक के साथ खाना खाने के लिए मुरमुंदा स्थित राजधानी ढाबा गया था।

रात करीब साढ़े 10 बजे युवा कांग्रेस का अहिवारा विधानसभा अध्यक्ष अमनदीप सिंह अपने तीन दोस्तों बिरेंद्र पाल, लक्की सिंह और अंशु यादव के साथ वहां पहुंचा। आरोपित अमनदीन सिंह ने शिकायतकर्ता से कहा कि वो बहुत ज्यादा उड़ रहा है।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपित ने उसे जातिगत गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और उसे बेल्ट से पीटा। आरोपितों ने ढाबा पर ही उसके कपड़े उतार दिए और निर्वस्त्र कर के उसकी पिटाई की। घटना के बाद शिकायतकर्ता काफी ज्यादा डर गया और वो अपने दोस्त हरेंद्र चेलक के घर पर ही सो गया। इसके बाद वो शनिवार को नंदिनी थाना पहुंचा और घटना की प्राथमिकी दर्ज कराई।

कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष के बेटे से लूटपाट करने वाले गिरफ्तार जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण के पूर्व अध्यक्ष हेमंत बंजारे के बेटे सुधांशु बंजारे से लूटपाट करने वाले चारों आरोपितों को नेवई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपितों के पास से लूट की चेन और 800 रुपये नकद बरामद किया गया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ लूट की धारा के तहत कार्रवाई की है।

नेवई थाना प्रभारी भारती मरकाम ने बताया कि लूट के मामले में सेक्टर-4 निवासी जसबीर सिंह (23), कैंप-1 वृंदा नगर निवासी अमृत सिंह (23), हाउसिंग बोर्ड निवासी गोपी सिंह (24) और रिसाली सेक्टर निवासी प्रेम कुमार धुरंधर को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपित प्रेम कुमार धुरंधर, शिकायतकर्ता सुधांशु बंजारे का दोस्त है और उसने ही फोनकर उसे बुलाया था। इसके बाद उसने बाकि के तीन आरोपितों के साथ मिलकर उससे लूटपाट की थी।