Bhuvneshwar Kumar: 10 साल बाद लगे छक्के से हारी मुंबई इंडियंस, भुवी का कमाल RCB को बनाएगा IPL 2026 का चैंपियन? – vedantsamachar.in

Bhuvneshwar Kumar: 10 साल बाद लगे छक्के से हारी मुंबई इंडियंस, भुवी का कमाल RCB को बनाएगा IPL 2026 का चैंपियन?

नई दिल्ली, 11 मई : IPL 2026 का चैंपियन कौन? ये कहना अभी जल्दबाजी भले हो लेकिन RCB के लगातार दूसरी बार ट्रॉफी उठाने के संयोग बनने लगे हैं. सीधे शब्दों में कहें तो दो संयोग हैं, जिसमें से एक तो बन चुका है और दूसरा बन रहा है. RCB को चैंपियन बनाने वाले इन दोनों संयोगों के तार तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार से जुड़े हैं. 10 मई को 10 साल बाद लगे छक्के से मुंबई इंडियंस को हार का सामना करना पड़ा.RCB vs MI के बीच खेले मुकाबले के दौरान वो दो संयोग भी बने, जिसके बाद इतिहास के खुद को दोहराने की उम्मीद जाग उठी है.

पहला संयोग- 10 साल बाद जमाए भुवी के छक्के से हारी MI
पहला संयोग तो बन चुका है, जो कि भुवनेश्वर कुमार के IPL में 10 साल बाद छक्का लगाने से जुड़ा है. मुंबई इंडियंस के खिलाफ आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर भुवनेश्वर कुमार ने छक्का मारा, जिसने मैच की बाजी पलट दी और उसके रुख को RCB की ओर मोड़ दिया. नतीजा मुंबई इंडियंस को हार का सामना करना पड़ा. भुवनेश्वर कुमार ने आखिरी बार IPL में छक्का 2016 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स के खिलाफ मारा था, जब वो सनराइजर्स हैदराबाद की टीम में थे.

पर्पल कैप की रेस से जुड़ा दूसरा संयोग
दूसरा संयोग पर्पल कैप से जुड़ा है. 10 साल पहले की ही तरह भुवनेश्वर कुमार सबसे ज्यादा विकेट के लिए मिलने वाली पर्पल कैप की रेस में भी आगे चल रहे हैं. 11 पारियों में 21 विकेट लेने के चलते IPL 2026 की पर्पल टोपी फिलहाल भुवी के पास है. अब अगर ये टोपी अंत तक उनके सिर पर ही सजी रही जैसे IPL 2016 में सजी थी, तो फिर RCB की बात बन सकती है.

इतिहास ने खुद को दोहराया तो RCB बनेगी चैंपियन?
भुवनेश्वर कुमार ने IPL 2016 में जब छक्का लगाया था और पर्पल कैप पहना था तो उस सीजन उनकी टीम सनराइजर्स हैदराबाद चैंपियन बनी थी. IPL 2026 में भी हालात 10 साल पहले जैसे ही चल रहे हैं और अगर ये ऐसे ही चले तो RCB भी चैंपियन बन सकती है, जिस टीम में फिलहाल भुवी हैं. RCB अगर IPL 2026 की चैंपियन बनी तो ये उसका लगातार दूसरा खिताब होगा.