काम कर लौट रहे थे बार मैनेजर और कर्मचारी पीछे से आ रही अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर,मौत

बिलासपुर 15 जनवरी (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शुक्रवार देर रात बार मैनेजर व कर्मचारी सड़क हादसे का शिकार हो गए। इस हादसे में दोनों की मौत हो गई है। रात में काम निपटाकर दोनों अपने घर लौट रहे थे। तभी तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से उनकी बाइक को चपेट में ले लिया और घसीटते हुए वाहन भाग निकला। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, रतनपुर क्षेत्र के ग्राम रानीगांव निवासी मोहन देवांगन (23) श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित अमिगोज बार में मैनेजर का काम करता था। उसके गांव के ही जावेद खान (27 ) भी उसके साथ काम करता था। दोनों मंगला क्षेत्र में किराए के मकान में रहते थे। रोज की तरह दोनों शुक्रवार देर रात बार में ड्यूटी करने के बाद रात करीब एक बजे घर जाने के लिए निकले थे। घटना रात करीब 1.30 बजे की बताई जा रही है।

बाइक सवार मैनेजर व कर्मचारी अभी मंगला चौक के पास पहुंचे थे। उसी समय पर पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दिया। इस हादसे में उनकी बाइक 5 मीटर तक घसीटती रही। घटना में मोहन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जावेद गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद किसी राहगीर ने हादसे की सूचना पुलिस के डॉयल 112 को दी थी।

अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
बताया जा रहा है कि इस हादसे में दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोंटें आई। घटना के बाद जावेद खान बेहोश पड़ा था। उसे पुलिस ने इलाज के लिए CIMS पहुंचाया। लेकिन, CIMS पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई थी।

हादसे के बाद बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।

हादसे के बाद बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।

गांव से आना-जाना करता था जावेद
पुलिस ने बताया कि जावेद खान हमेशा अपने गांव से आना-जाना करता था। कभी-कभी रात में रूकने के लिए उसने मंगला में मकान किराए पर लिया था। शुक्रवार को मौसम खराब होने के कारण वह मोहन के साथ अपने मकान में जाकर रुकने का मन बनाया था और रास्ते में हादसा हो गया।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
सिविल लाइन TI शनिप रात्रे ने बताया कि देर रात हादसे की सूचना मिलने पर उन्हें अस्पताल पहुंचा दिया गया था। शनिवार की सुबह शव की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना दी गई है। हादसा कैसे हुआ पुलिस इसकी जांच कर रही है। घटनास्थल व आसपास CCTV फुटेज खंगालकर एक्सीडेंट करने वाले वाहन की जानकारी जुटाई जा रही है।


6 माह पहले किया था लव मैरिज
बताया जा रहा है कि बार मैनेजर मोहन देवांगन अपने परिचित की युवती से प्यार करता था। उन्होंने 6 माह पहले ही लव मैरिज किया था। युवती से अंतरजातीय विवाह होने के कारण परिजनों को उनकी शादी पर ऐतराज था। यही वजह है कि वह घर से अलग किराए के मकान में रहता था।