खंडवा ,27 जनवरी (वेदांत समाचार)। खंडवा पुलिस ने अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस फैक्ट्री को कांग्रेस नेता चला रहा था। मौके से करीब दो टन बारूद बरामद किया गया है। पुलिस ने शहर के बाहर सम्यक गोल्ड कॉलोनी में चल रही इस फैक्ट्री से करीब दो टन बारूद, सल्फर और रस्सियां बरामद की हैं। एसपी मनोज कुमार राय ने कहा- प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह अवैध फैक्ट्री सम्यक गोल्ड कॉलोनी के क्लब हाउस की छत पर चल रही थी। मुख्य आरोपी प्रोफेसर इमरान परयानी यूथ कांग्रेस में पूर्व प्रदेश प्रवक्ता रह चुका है।एसपी ने कहा- यह कॉलोनी करीब 15 साल पहले पूर्व मंत्री हीरालाल सिलावट की जमीन पर काटी गई थी।
उस समय इसे हाईटेक स्तर पर डेवलप किया गया था, लेकिन फिलहाल यह खंडहर हालत में है। कॉलोनी में बिजली लाइन तक नहीं है, इसी सूनेपन का फायदा उठाकर यहां अवैध रूप से विस्फोटक जमा कर पटाखे बनाए जा रहे थे। एसपी राय ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर कोतवाली टीआई प्रवीण आर्य और उनकी टीम ने दबिश दी थी। खंडहर कॉलोनी में क्लब हाउस के पास एक पिकअप वाहन था, जिसमें बड़ी मात्रा में सुतली बम, बारूद सहित सल्फर और दूसरे केमिकल मिले। कॉलोनी की जमीन पूर्व मंत्री हीरालाल सिलावट के बेटे यशवंत सिलावट के नाम से दर्ज है। मौके से एक स्कूटी भी मिली है, जो इमरान परयानी की है। फिलहाल, कोतवाली थाने में विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि दबिश डालने वाली पुलिस टीम को 10 हजार रुपए का ईनाम देने की घोषणा की गई है।
15 दिन पहले ही कच्चा माल लाया गया था
कोतवाली टीआई प्रवीण आर्य ने कहा- फैक्ट्री में मिले बैग और कपड़ों से लग रहा है कि यहां 5-6 मजदूर काम कर रहे होंगे। ड्राइवर से पूछताछ में पता चला कि यहां 15 दिन पहले ही कच्चा माल लाया गया था। क्लब हाउस की छत पर 5-6 दिन से पटाखे बनाने का काम चल रहा था।
खबर लगातार अपडेट की जा रही है…



