Vedant Samachar

रायगढ़ में प्रयास विद्यालय के छात्रों ने किया चक्काजाम:प्राचार्य द्वारा शिक्षकों को हटाए जाने के फरमान का विरोध, SDM ने दिया आश्वसन

Vedant Samachar
2 Min Read

रायगढ़ ,27 जनवरी (वेदांत समाचार)। रायगढ़ जिला में शासकीय प्रयास आवासीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने ओड़िसा-रायगढ़ मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। नव पदस्थ प्राचार्य द्वारा शिक्षकों को हटाए जाने का आदेश जारी करने के खिलाफ छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया और जमकर नारे लगाए। मंगलवार की सुबह गढ़उमरिया स्थित शासकीय प्रयास आवासीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ सड़क पर उतर कर नारेबाजी की।

उनका कहना था कि नए प्राचार्य द्वारा विद्यालय के छात्र-छात्राओं को बिना जानकारी दिए फर्जी तरीके से हस्ताक्षर करा लिए और उन्हें हस्ताक्षर के आधार पर विद्यालय के शिक्षकों को यहां से हटाने का आदेश जारी किया जा रहा है। छात्रों का कहना था कि वे अपने शिक्षकों से जुड़े हुए हैं और ऐसे में शिक्षकों को हटा देने से उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है। सुबह जब इसकी जानकारी प्रशासनिक अमले को लगी, तो एसडीएम समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।

SDM के आश्वसन के बाद आंदोलन समाप्त
आवास विद्यालय के छात्र-छात्राओं को समझाईश देने की कोशिश की गई, लेकिन वे अपनी मांगो पर अढ़े थे। हांलाकि बाद में SDM महेश शर्मा द्वारा किसी भी शिक्षक को नहीं हटाए जाने का आश्वसन दिया गया। तब कहीं जाकर करीब डेढ़ घंटे बाद छात्रों ने अपनो विरोध समाप्त किया।

वाहनों की लगी लंबी कतार
गढ़उमरिया की सड़क ओड़िसा से जुड़ती है और सुबह से लेकर रात तक हजारों गाड़िया इस रोड पर चलती है। ऐसे में जब विद्यालय के छात्रों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। तब ओड़िसा की ओर जाने वाले रास्ते में छोटी-बड़ी वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब डेढ़ घंटे बाद जब आंदोलन समाप्त हुआ, तो यहां की अव्यवस्था बहाल हो सकी।

Share This Article