BJP नेता की 3 गोली मारकर हत्या:बाइक सवार बदमाशों ने घर के दरवाजे के पास मारी गोली, हवाई फायरिंग करते हुए भागे

बिहार 12 जनवरी (वेदांत समाचार)। सीवान के जामो थाना क्षेत्र के सुरतापुर गांव में बुधवार को PDS डीलर सह भाजपा नेता (मंडल के मंत्री) जनार्दन सिंह की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। सिंह के सीने और जांघ में तीन गोलियां लगी। घटना के वक्त जनार्दन सिंह अपने घर के दरवाजे पर बैठे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें गोली मारी और हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले। जनार्दन सिंह को गंभीर स्थिति में सदर अस्पताल पहुंचाया गया। यहां से उन्हें PMCH रेफर कर दिया गया। पर रास्ते में ही जनार्दन सिंह की मौत हो गई। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। फिलहाल घटना की वजह स्पष्ट नहीं है।

भाजपा नेता जनार्दन सिंह।

भाजपा नेता जनार्दन सिंह।

इधर, वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, गोली मारने के बाद फायरिंग करते भागते बदमाशों का वीडियो भी सामने आया है। जनार्दन सिंह अपने गांव में ही जन वितरण प्रणाली के डीलर भी हैं। वह बुधवार को अपने घर के दरवाजे पर बैठे थे। तभी बाइक पर सवार होकर दो की संख्या में बदमाश आए और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर भाग निकले।

लोगों ने बदमाशों का किया पीछा

गोलियों की आवाज सुनकर लोग सहम गए। कुछ लोगों ने बदमाशों का पीछा भी किया, पर हवाई फायरिंग होता देख वो भी दहशत में आ गए। बदमाशों ने पीछा कर रहे लोगों पर भी फायरिंग की। इससे वो रुक गए। इसके बाद लोगों ने जनार्दन सिंह को मौके से उठाकर सदर अस्पताल पहुंचाया। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए PMCH रेफर कर दिया। PMCH जाने के दौरान रास्ते में ही जनार्दन सिंह की मौत हो गई।