अवैध गांजा तस्करों पर बस्तर पुलिस का शिकंजा, 82 किलो मादक पदार्थ के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

जगदलपुर 11 जनवरी (वेदांत समाचार)। बस्तर पुलिस ने एक फिर अवैध गांजा तस्करों पर शिकंजा कसा है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं उनके कब्जे से 82 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत चार लाख 10 हज़ार रुपए आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार दरभा थाना को सूचना मिला कि कुछ व्यक्तियों के द्वारा सुकमा की ओर से अवैध रूप से गांजा का परिवहन किया जा रहा हैं। सूचना पर दरभा थाना के सामने मोबाईल चेक पोस्ट लगाकर चेकिंग किया जा रहा था। इसी दौरान चेकिंग में एक संदिग्ध वाहन छोटा हाथी को रोककर चेक किया गया। जिसमें 2 व्यक्ति सवार थे। जिससे पूछताछ करने पर अपना नाम पिन्टु यादव और पवन कुमार गौतम दोनो निवासी उत्तर प्रदेश का होना बताये। वाहन की तलाशी लेने पर गाड़ी में 82 किलोग्राम गांजा मिला।

पुलिस ने बताया कि गांजा के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि गांजा को मलकानगिरी से जगदलपुर होते हुए उत्तर प्रदेश लेकर जाने कि योजना होना बताया। आरोपियों के कब्जे से 82 किलोग्राम गांजा के अतिरिक्त 1 छोटा हाथी वाहन, 2 नग मोबाईल, 2630 रूपये नगद एवं वाहन के कागजात बरामद कर जप्त किया गया है। आरोपियों को मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय भेज दिया गया है। जब्त गांजा की कीमत 4,10000 रुपए आंकी गई है।