मौसम फिर बदला:आज रात बारिश के आसार, तापमान में आएगी कमी‎

कोरबा 9 जनवरी (वेदांत समाचार)। जिले में रविवार से मौसम में बदलाव होगा। कई क्षेत्रों में रात के समय बदली व बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग में 10 और 11 जनवरी को झमाझम बारिश होने की संभावना जताई है। इसके असर से 7 से 8 डिग्री अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी, लेकिन न्यूनतम तापमान में अधिक परिवर्तन नहीं होगा।

शनिवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री दर्ज किया गया। पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव हो रहा है। सोमवार से अगले 5 दिनों तक बदली और बारिश की संभावना बनी रहेगी। हालांकि न्यूनतम तापमान में गिरावट मकर सक्रांति के बाद ही आने की संभावना है। बारिश से सबसे अधिक चिंतित किसान हैं। अभी भी बड़ी संख्या में किसान धान नहीं बेच पाए हैं। समितियों को भी धान बचाने की चुनौती रहेगी।

अधिक बारिश होने पर धान खरीदी प्रभावित भी हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि कई शहरों में गरज चमक के साथ बारिश होगी। सोनाक्षी ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है। कृषि मौसम वैज्ञानिक संजय भेलावे का कहना है कि 2 दिन ही अधिक बारिश का अनुमान है। प्रदेश में मौसम परिवर्तन का असर जिले के कई क्षेत्रों में पड़ेगा। पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक में पिछली बार पाला पड़ा था। वनांचल क्षेत्रों में अभी भी सुबह ठंड अधिक रहती है।