Vedant Samachar

नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 18 जनवरी (वेदांत समाचार)। दर्री थाना क्षेत्र में एक नाबालिग स्कूली छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। स्कूल से घर लौटते समय युवक ने समय पूछने के बहाने छात्रा के साथ अभद्रता की। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है। कक्षा 6वीं में पढ़ने वाली छात्रा स्कूल से पैदल घर जा रही थी। इसी दौरान अयोध्यापुरी निवासी 28 वर्षीय विक्की श्रीवास ने सीएसईबी कॉलोनी क्षेत्र में उसे रोक लिया। आरोप है कि आरोपी ने समय पूछने के बहाने छात्रा के गाल पर कई बार किस किया और उसकी कमर पकड़ ली।

घटना से घबराई छात्रा के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने तत्काल दर्री थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पीड़िता के माता-पिता की शिकायत पर दर्री थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article