इंदौर में जावेद के सैलून पर नारेबाजी; भोपाल में भाजपा विधायक बोले- हिंदुओं खड़े हो जाओ, उन पर थूको

हेयर स्टाइलिस्ट और भाजपा सदस्य जावेद हबीब के थूक से महिला के बाल संवारने पर विवाद बढ़ता जा रहा है। शनिवार को इंदौर के 56 दुकान स्थित जावेद हबीब के सैलून पर करणी सेना के लोगों ने प्रदर्शन किया। वहीं, भोपाल में भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि जिनकी थूकने की संस्कृति है उनके खिलाफ हिंदुओं खड़े हो जाओ और उन पर थूको। बता दें, एक दिन पहले भाजपा विधायक आकाश विजयवर्गीय ने भी कहा था कि जावेद के सभी सैलून बंद होने चाहिए। नहीं तो प्रदर्शन किया जाएगा। जावेद ने 2020 में भाजपा की सदस्यता ली थी।

जावेद हबीब के इंदौर में अलग-अलग जगहों पर करीब 10 सैलून हैं। शनिवार सुबह आरएनटी मार्ग और विजय नगर स्थित सैलून पर करणी सेना के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंचे। इसके बाद यहां प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी भी की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि जावेद हबीब के प्रदेश में सैलून नहीं चलने देंगे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को कंट्रोल में किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रशासन को ज्ञापन देकर आउटलेट्स बंद करने की मांग भी की जाएगी।

सैलून में प्रदर्शन के दौरान कर्मचारी दहशत में रहे।

सैलून में प्रदर्शन के दौरान कर्मचारी दहशत में रहे।

वीडियो सामने आया था

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक वर्कशॉप में जावेद हबीब महिला के बालों पर थूकते नजर आए थे। इसका वीडियो भी सामने आया था। इसके बाद अपने बयान में महिला ने कहा था कि वह अब सड़क किनारे बाल कटवा लेंगी, लेकिन हबीब के पास नहीं जाएंगी।