नई दिल्ली, 10 मई : IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स को एक और हार से दो चार होना पड़ा है. गुजरात टाइटंस से 9 मई को खेले मुकाबले में मिली हार के बाद उसके प्लेऑफ में पहुंचने की स्थिति अगर-मगर वाली हो गई है. लेकिन, एक तरफ जहां राजस्थान रॉयल्स हार गई, वहीं दूसरी ओर उसी हारे मैच के बाद वैभव सूर्यवंशी अकेले 6 टीमों पर भारी पड़ गए. उन्होंने अभिषेक शर्मा का बनाया रिकॉर्ड भी तोड़ डाला. क्या है अभिषेक का वो रिकॉर्ड जो टूटा और कैसे वैभव सूर्यवंशी पड़े 6 टीमों पर भारी, आइए जानते हैं.
वैभव सूर्यवंशी कैसे पड़े 6 टीमों पर भारी?
वैभव सूर्यवंशी ने जिस मामले में IPL 2026 के अंदर 6 टीमों पर अपना वर्चस्व कायम किय़ा है, वो पावरप्ले में सबसे ज्यादा छक्के लगाने से जुड़ा है. आईपीएल 2026 के पावरप्ले में वैभव सूर्यवंशी ने अब तक 32 छक्के लगाए हैं, जो कि 6 टीमों के पावरप्ले में लगाए कुल छक्कों की संख्या से ज्यादा है. IPL 2026 के 52 मैचों तक पावरप्ले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 29 छक्के लगाए हैं. गुजरात टाइटंस ने 28 छक्के लगाए हैं. कोलकाता नाइट राइडर्स ने 24 छक्के जड़े हैं. वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू, चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स ने 22-22 छक्के लगाए हैं.
वैभव सूर्यवंशी ने अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड कैसे तोड़ा?
IPL 2026 के पावरप्ले में छक्के लगाने के मामले में वैभव सूर्यवंशी अकेले 6 टीमों से तो आगे हैं ही उसके अलावा उन्होंने अभिषेक शर्मा का भी रिकॉर्ड तोड़ा है. IPL के एक सीजन के पावरप्ले में अब तक सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी अभिषेक शर्मा हैं. उन्होंने IPL 2024 में 29 छक्के पावरप्ले में जड़ते हुए ये रिकॉर्ड अपने नाम किया है. लेकिन, IPL 2026 के पावरप्ले में वैभव सूर्यवंशी अब तक 32 छक्के लगा चुके हैं.
वैभव सूर्यवंशी IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के अभिषेक शर्मा के बनाए भारतीय रिकॉर्ड से भी ज्यादा दूर नहीं है. उन्होंने IPL 2026 में अब तक 40 छक्के लगाए हैं. जबकि अभिषेक शर्मा ने एक सीजन में जो रिकॉर्ड बनाया है, वो 42 छक्कों का है. उम्मीद है कि आने वाले मैचों में वो अभिषेक शर्मा के उस रिकॉर्ड को भी तोड़ देंगे.

