Vedant Samachar

BJP नेता की 6 साल की पुत्री का दुखद निधन, दिल्ली के एम्स में दम तोड़ा

Vedant samachar
2 Min Read

डेस्क। मध्यप्रदेश के दमोह से बीजेपी सांसद राहुल सिंह लोधी की मासूम बेटी संस्था सिंह का दुखद निधन हो गया है। वह सिर्फ 6 साल की थीं। दिल्ली के एम्स अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस दुखद खबर के बाद पूरे दमोह और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई है।

दिल की गंभीर बीमारी से गई जान

संस्था सिंह एक जन्मजात दिल की बीमारी से पीड़ित थीं। उनके दिल में छेद था, जिसकी वजह से उनकी हालत लगातार गंभीर बनी हुई थी। इसी बीमारी के इलाज के लिए उन्हें दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था। रविवार देर रात उन्होंने आखिरी सांस ली।

एयर एम्बुलेंस से जबलपुर लाया गया शव

संस्था सिंह का पार्थिव शरीर सोमवार को एयर एम्बुलेंस से दिल्ली से जबलपुर लाया गया। इसके बाद उन्हें उनके पैतृक गांव हिंडोरिया ले जाया गया, जहां पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।

परिवार के मुताबिक, संस्था सिंह लंबे समय से इस बीमारी से जूझ रही थीं। बेटी के निधन से सांसद राहुल सिंह लोधी और उनकी पत्नी राधिका सिंह पूरी तरह टूट गए हैं। उन्हें सांत्वना देने के लिए सुबह से ही रिश्तेदार, मित्र और स्थानीय लोग उनके घर पहुंचते रहे।

राजनीतिक और प्रशासनिक लोगों ने जताया शोक

संस्था सिंह के असमय निधन से पूरे क्षेत्र में गहरा दुख है। बीजेपी और कांग्रेस दोनों दलों के नेताओं ने सोशल मीडिया पर शोक जताया। अंतिम संस्कार में कई बड़े लोग मौजूद रहे, जिनमें — पूर्व विधायक प्रद्युम्न सिंह, बीजेपी जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे, कांग्रेस के पूर्व विधायक अजय टंडन, कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर, एएसपी सुजीत भदौरिया सहित कई राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक लोग शामिल थे।

Share This Article