[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

इंद्रावती नदी के नए पुल से 17 वर्षीय छात्र ने लगाई छलांग, तलाश जारी

इंद्रावती नदी के नए पुल से 17 वर्षीय छात्र ने लगाई छलांग, तलाश जारी

जगदलपुर, 09 जनवरी (वेदांत समाचार)। कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित इंद्रावती नदी के नए पुल से गुरुवार को एक 17 वर्षीय युवक द्वारा नदी में छलांग लगाए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है। युवक की तलाश के लिए गोताखोरों के साथ-साथ एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है।

जानकारी के अनुसार युवक की पहचान अंश श्रीवास्तव (17 वर्ष), निवासी रायगढ़ के रूप में हुई है। बताया गया कि अंश पिछले करीब दो वर्षों से जगदलपुर के सनसिटी क्षेत्र में अपनी नानी के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था। गुरुवार सुबह से ही वह घर से लापता था, जिसके बाद परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।

इस बीच इंद्रावती नदी के नए पुल के पास अंश की स्कूटी लावारिस हालत में खड़ी मिली। स्कूटी मिलने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने युवक को पुल से नदी में छलांग लगाते हुए देखने की बात कही, जिसके बाद तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर नदी में सघन तलाश अभियान शुरू किया गया। तेज बहाव और गहराई के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, फिर भी टीमें लगातार युवक की खोज में जुटी हुई हैं।

फिलहाल युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं क्षेत्र में भी इस घटना को लेकर शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।

[metaslider id="133"]

Vedant samachar