बेमेतरा, 09 जनवरी 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बेमेतरा रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में गुम व चोरी हुए वाहनों की पहचान तथा संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण के उद्देश्य से बेमेतरा पुलिस द्वारा सघन वाहन जांच अभियान लगातार जारी है। इस अभियान के तहत “सशक्त एप” (एप्लिकेशन) के माध्यम से जिले भर में वाहनों की सख्त जांच की जा रही है।
एसएसपी द्वारा सायबर सेल एवं समस्त थाना/चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि कबाड़ी दुकान, बस स्टैंड, वाहन रिपेयरिंग सेंटर, होटल, ढाबा, हाट-बाजार एवं प्रमुख चौराहों पर वाहनों की जांच कर गुम या चोरी हुए वाहनों की पतासाजी की जाए। इसी क्रम में एसडीओपी बेरला विनय कुमार, डीएसपी राजेश कुमार झा एवं डीएसपी श्रीमती कौशिल्या साहू के मार्गदर्शन में जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के दौरान थाना एवं चौकी प्रभारियों, यातायात पुलिस तथा सायबर सेल की संयुक्त टीमों द्वारा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर वाहन चेकिंग की जा रही है। पेट्रोलिंग पार्टियां भी लगातार गश्त कर रही हैं। “सशक्त एप” के माध्यम से वाहनों का विवरण जांचते हुए गुम या चोरी हुए वाहनों की पहचान की जा रही है, साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है।
विगत दो दिवस के दौरान 08 जनवरी 2026 को जिले के विभिन्न थाना, चौकी एवं यातायात स्टाफ द्वारा कुल 1,283 वाहनों की जांच की गई। इसमें थाना बेमेतरा में 95, थाना नांदघाट में 423, थाना दाढ़ी में 28, थाना खम्हरिया में 101, थाना साजा में 88, थाना परपोडी में 15, थाना बेरला में 159, थाना चंदनू में 35, चौकी खण्डसरा में 90, चौकी मारो में 25, चौकी कंडरका में 13, चौकी देवरबीजा में 53, चौकी संभलपुर में 15 तथा यातायात बेमेतरा द्वारा 148 वाहनों की जांच की गई।
बेमेतरा पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।



