Vedant Samachar

ASP पर पानी-पाउच फेंकने पर लाठीचार्ज. जमीन गाइडलाइन का विरोध करने पहुंचे 5 व्यापारियों पर FIR

Vedant samachar
2 Min Read

दुर्ग ,02 दिसंबर (वेदांत समाचार) । छत्तीसगढ़ में नई कलेक्टर गाइडलाइंस की वजह से जमीन की कीमतें 5-9 गुना बढ़ गई हैं। पिछले 5 दिनों से कई जिलों में प्रदर्शन जारी है। इसी बीच सोमवार को दुर्ग में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। जमीन व्यापारियों को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।

इस दौरान कई प्रदर्शनकारियों को भी चोटें आई हैं। वहीं पुलिस ने 8 व्यापारियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। 5 जमीन व्यापारियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई, जबकि 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक व्यापारियों ने पुलिसकर्मियों पर झंडा और पानी के पाउच फेंके थे। एक पाउच एएसपी सुखनंदन राठौर पर भी गिरा। इसके बाद उन्होंने लाठीचार्ज शुरू किया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।

जमीन व्यापारी कन्हैया मिश्रा ने कहा कि जमीन ही व्यापारियों के लिए रोजी-रोटी का एकमात्र जरिया है। यही हमारा काम है। कई व्यापारी बुजुर्ग हैं। इस उम्र में वे न तो कोई नई नौकरी कर सकते हैं और न ही कोई दूसरा काम कर सकते हैं। लाठीचार्ज निंदनीय है।

जानकारी के मुताबिक, नई कलेक्टर गाइडलाइंस को लेकर प्रदर्शन कर रहे जमीन व्यापारियों की ओर से पटेल चौक पर चर्चा के दौरान भीड़ में किसी ने पानी का पाउच फेंका। इसके बाद एएसपी सुखनंदन राठौर ने सबसे पहले लाठी चलाई।

इसके बाद पुलिस ने व्यापारियों पर ताबड़तोड़ लाठियों की बौछार कर दी। इसमें कई प्रदर्शनकारी घायल भी हुए हैं। प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिसकर्मियों पर झंडा भी फेंका गया। इससे महिला पुलिसकर्मी भी बाल-बाल बचे।

मामले से जुड़े व्यापारियों ने कहा कि वो आगे की रणनीति के लिए दोबारा सभी सदस्यों की बैठक आयोजित करेंगे। बैठक के बाद जो भी निर्णय होगा उस पर अमल किया जाएगा। फिलहाल वे अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज करने की तैयारी भी की जा रही है।

Share This Article