Vedant Samachar

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सक्ती का कार्यभार संभाला पंकज पटेल ने

Vedant samachar
2 Min Read

सक्ती, 06 जनवरी (वेदांत समाचार)। जिले में प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव के तहत पंकज पटेल ने आज अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सक्ती के पद पर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। कोरिया जिले से स्थानांतरण के पश्चात उन्होंने सक्ती पहुंचकर अपनी ज्वाईनिंग दी और पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर (भापुसे) से सौजन्य मुलाकात की।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक द्वारा उन्हें सक्ती जिले की भौगोलिक स्थिति, सामाजिक एवं राजनीतिक परिदृश्य के साथ-साथ कानून व्यवस्था और अपराध से जुड़ी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने जिले में प्रभावी कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता देने की बात कही।

पंकज पटेल इससे पूर्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में बेमेतरा, मुंगेली एवं कोरिया जिलों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा वे एसडीओपी के रूप में नारायणपुर तथा कटघोरा (जिला कोरबा) में भी पदस्थ रह चुके हैं। अपने व्यवहारिक कौशल, प्रशासनिक अनुभव और सूझबूझ के चलते उन्होंने पूर्व में पदस्थ जिलों में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराध नियंत्रण में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है।

मूलतः रायगढ़ निवासी पंकज पटेल की ज्वाईनिंग के दौरान रक्षित निरीक्षक उमेश कुमार राय, निरीक्षक प्रभारी स्टेनो वाय.एन. शर्मा सहित पुलिस कार्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। उनके कार्यभार ग्रहण करने से सक्ती जिले में पुलिस प्रशासन को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Share This Article