Vedant Samachar

गांजा के साथ महिला आरोपी गिरफ्तार, 56 हजार का मादक पदार्थ जब्त

Vedant Samachar
2 Min Read

रायपुर,06 जनवरी (वेदांत समाचार)। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा एवं पुलिस उप महानिरीक्षक व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के दिशा-निर्देश में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गांजा की अवैध खरीद-बिक्री करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 किलो 125 ग्राम गांजा जब्त किया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 4 जनवरी 2026 को एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली कि थाना न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्र अंतर्गत श्री मेडिसाईन हॉस्पिटल के पीछे एक महिला गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रही है। सूचना की तस्दीक के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।

मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर संदिग्ध महिला को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम प्रिया मरकाम बताया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद थैले से गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजा का वजन 1 किलो 125 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 56,250 रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने आरोपी महिला प्रिया मरकाम पति श्याम मरकाम (उम्र 40 वर्ष) निवासी पचपेड़ीनाका, गुरुमुखसिंह नगर, कोड़ो-बोड़ो बस्ती, थाना न्यू राजेन्द्र नगर, जिला रायपुर को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध अपराध क्रमांक 10/2026 धारा 20(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार पर लगातार सख्ती की जा रही है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article