34 हाथियों का सड़क पार करते झुंड में छोटे शावक भी शामिल, हाथी दल कर रहा निगरानी…

रायगढ़ ,05 अप्रैल (वेदांत समाचार): रायगढ़ जिला के धरमजयगढ़ वन मंडल में एक बार फिर से हाथियों के रोड क्रॉस करने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। जिसमें 34 हाथियों का बड़ा दल एक जंगल से निकलकर दूसरे जंगल में पहुंचा। इस दौरान दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों के पहिए थम गए। हाथी मित्र दल उसकी निगरानी कर रहा था। सोशल मीडिया में वायरल होने वाला वीडियो शनिवार की देर शाम का है। जहां धरमजयगढ़-क्रोंधा रास्ते में जंगली हाथियों के एक बड़े दल को सड़क पार करते हुए देखा गया। हाथी मित्र दल के सदस्यों को इसकी जानकारी हुई, तो वे मौके पर पहुंच गए और दोनों ओर से आने-जाने वाली वाहनों को रोकवा दिया।

बताया जा रहा है कि तभी कई लोगों ने इसका मोबाइल पर वीडियो भी बनाया। इस दल में 34 हाथी हैं, जिसमें कई छोटे शावक भी मौजूद थे और बताया जा रहा है कि यह दल पिछले कुछ समय से धरमजयगढ़ के आमगांव बीट में विचरण कर रहा था। शनिवार के विभागीय रिकार्ड के अनुसार धरमजयगढ़ वन मंडल में 100 हाथियों की मौजूदगी थी। जिसमें सबसे अधिक हाथी आमगांव बीट में 34, पोटिया बीट में 10, छाल रेंज के कुड़ेकेला बीट में 20, बाकारूमा रेंज के तेजपुर बीट में 13 समेत अन्य रेंज के जंगल में 9, 1 और 2 हाथी विचरण कर रहे हैं।

वहीं हाथियों ने प्रेमनगर गांव में 2 और पोटिया में 1 किसान के फसल को भी नुकसान पहुंचाया है। धरमजयगढ़ वन मंडल में काफी संख्या में हाथी मौजूद हैं। ऐसे में हाथी मित्र दल व विभागीय कर्मचारियों के द्वारा इनकी निगरानी की जा रही है। साथ ही जिन गांव के करीब हाथी दल पहुंच रहे हैं। वहीं आसपास के सभी ग्रामीण इलाकों में मुनादी कराने के साथ ही ग्रामीणों को अकेले जंगल की ओर जाने से मना किया जा रहा है। ताकि किसी प्रकार की कोई बड़ी घटना घटित न हो। इन दिनों महुआ का सीजन है तो ज्यादा सर्तकर्ता बरती जा रही है।