कोरबा, 31 दिसंबर (वेदांत समाचार)। कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत एक चौकीदार के सूने मकान में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने घर से सोने-चांदी के जेवरात और करीब 60 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना के बाद से पीड़ित परिवार सदमे में है, वहीं पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रामपुर अंतर्गत इंडस्ट्रियल एरिया खरमोरा निवासी पीड़ित अपनी पत्नी के साथ रहता है और फ्लाई ऐश फैक्ट्री खरमोरा में रात्रि चौकीदार के रूप में कार्यरत है। 25 दिसंबर की रात करीब 8 बजे वह पत्नी के साथ घर में ताला लगाकर ड्यूटी पर चला गया था। 26 दिसंबर की सुबह करीब 5 बजे जब वह ड्यूटी से वापस लौटा तो उसने देखा कि घर के मेन गेट पर ताला तो लगा हुआ था, लेकिन दरवाजे का कब्जा टूटा हुआ था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था।
जांच करने पर पता चला कि चोरों ने दीवान में रखे एक जोड़ी सोने के कान के टॉप्स, एक जोड़ी चांदी की पायल और 60 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए हैं। यह रकम पीड़ित की मेहनत की जमा पूंजी थी, जिससे वह अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। चोरी की घटना के बाद उसकी आर्थिक स्थिति पर गहरा असर पड़ा है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पास में स्थित एक फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर करीब पांच संदिग्ध नजर आए हैं, जो रात करीब 1:54 बजे घर में घुसकर चोरी करते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस इन्हीं फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
इधर, इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। नागरिकों ने पुलिस से क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग और निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
फिलहाल सिविल लाइन थाना पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।



