मुंबई। दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म मानी जा रही ‘इक्कीस’ की स्पेशल स्क्रीनिंग के दौरान देओल परिवार भावुक नजर आया। इस मौके पर पूरा परिवार एक साथ दिखाई दिया और माहौल बेहद भावनात्मक रहा। खास तौर पर सनी देओल अपने पिता धर्मेंद्र के पोस्टर के पास खड़े होकर पैपराजी के सामने पोज देते समय भावुक हो गए, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
सोमवार को आयोजित इस स्क्रीनिंग में सनी देओल जैसे ही पहुंचे, उन्होंने अपने पिता धर्मेंद्र के पोस्टर के पास रुककर उसे कुछ देर तक निहारते हुए देखा। इसके बाद वे कैमरों के सामने मुस्कुराते जरूर नजर आए, लेकिन उनकी आंखें नम थीं, जो उनके जज्बात साफ बयां कर रही थीं। यह पल वहां मौजूद हर शख्स के लिए भावुक कर देने वाला था।
इस खास मौके पर देओल परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। बॉबी देओल अपनी पत्नी तान्या देओल और बेटे आर्यमन देओल के साथ स्क्रीनिंग में पहुंचे। उनके साथ कजिन अभय देओल भी नजर आए। पूरे परिवार ने धर्मेंद्र के पोस्टर के पास एक साथ पोज दिए और फिल्म को लेकर अपना सम्मान और भावनाएं जाहिर कीं।
स्क्रीनिंग में बॉलीवुड के कई बड़े सितारों ने भी शिरकत की। सलमान खान का पहुंचना खास आकर्षण रहा। उन्हें धर्मेंद्र के पोस्टर को गौर से देखते हुए और फिर उसके साथ पोज देते हुए देखा गया। इसके अलावा तब्बू, फातिमा सना शेख, रेखा, यूलिया वंतूर, मनीष मल्होत्रा, जेनेलिया देशमुख और रितेश देशमुख समेत कई नामचीन हस्तियां इस मौके पर मौजूद रहीं।
हालांकि, इस स्क्रीनिंग में धर्मेंद्र की पत्नी हेमा मालिनी और बेटी ईशा देओल नजर नहीं आईं, जिस पर भी लोगों की नजर गई। पूरे देओल परिवार और फिल्म इंडस्ट्री के कई दिग्गजों की मौजूदगी के बावजूद उनकी गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही।
फिल्म ‘इक्कीस’ की बात करें तो इसे निर्देशक श्रीराम राघवन ने बनाया है। यह एक बायोपिक वॉर ड्रामा है, जो सेकंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल के जीवन पर आधारित है और 1971 के भारत–पाकिस्तान युद्ध के दौरान बसंतर की ऐतिहासिक लड़ाई को दर्शाती है। फिल्म में अगस्त्य नंदा मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, जो अमिताभ बच्चन और जया बच्चन के नाती तथा श्वेता बच्चन के बेटे हैं। यह उनकी डेब्यू फिल्म है।
दिनेश विजान और बिन्नी पड्डा द्वारा निर्मित इस फिल्म में जयदीप अहलावत, धर्मेंद्र, सिकंदर खेर, विवान शाह और सिमर भाटिया अहम भूमिकाओं में हैं। ‘इक्कीस’ अक्षय कुमार की भतीजी सिमर भाटिया की भी पहली बॉलीवुड फिल्म है। यह फिल्म 1 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।



