अंबिकापुर, 29 दिसंबर (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर में रविवार देर रात मोबाइल कारोबारी से बड़ी लूट की वारदात सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कैलाश मोड़ के पास घात लगाकर बैठे बदमाशों ने स्कूटी सवार मोबाइल डीलर पर जानलेवा हमला कर पैसों से भरा बैग लूट लिया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित अनिल अग्रवाल, राम मंदिर क्षेत्र स्थित अग्रवाल इंटरप्राइजेज इंद्रप्रस्थ के संचालक हैं। वे रविवार रात अपने सब-डीलरों से करीब 20 लाख रुपये का कलेक्शन कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सुनियोजित तरीके से कैलाश मोड़ में सत्ती मंदिर के पास बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से अनिल अग्रवाल लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े, जिसके बाद आरोपी पैसों से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक युवक पहले बैग छोड़ते हुए और फिर कुछ ही पलों बाद वापस लौटकर उसी बैग को उठाकर दौड़ते हुए नजर आ रहा है। लूट के बाद गंभीर रूप से घायल व्यापारी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को इनपुट मिला कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जगदीशपुर गांव के खेत में रुककर पैसों का बंटवारा कर रहे हैं। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर वे फरार हो गए। हालांकि पुलिस ने लूट की रकम में से करीब 18 लाख रुपये और वारदात में इस्तेमाल किया गया सामान बरामद कर लिया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों की पहचान हो चुकी है और वे पहले पीड़ित की दुकान में कर्मचारी रह चुके हैं। फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



