तेज रफ्तार का कहर : बाइक सवार पत्रकार दंपति को तेज रफ्तार हाईवा ने मारी टक्कर..

छत्तीसगढ़ 23 दिसम्बर(वेदांत समाचार)। सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र के जंगलपुर बिजली सब-स्टेशन के पास बुधवार दोपहर ढाई बजे तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक सवार पत्रकार दंपति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पत्रकार दंपति की मौत हो गई। पीछे से आ रहे हाईवा का हॉर्न सुनकर बाइक चालक का संतुलन बिगड़ा, जिससे यह हादसा हुआ। हादसे के बाद हाईवा चालक ने भागने की कोशिश की और क्रशर प्लांट में जाकर छिप गया। लेकिन पुलिस ने आरोपी चालक को दबोच लिया। मिली जानकारी के मुताबिक मृतक लोकेश साहू (42 वर्ष) और उसकी पत्नी धनेश्वरी साहू (40 वर्ष) दोनों बरसानी आश्रम कंचन नगर वार्ड- 48 राजनांदगांव के रहने वाले थे। पेशे से दोनों पत्रकार थे। बुधवार को वे किसी काम के सिलसिले में मोटर साइकिल पर लोहारा की ओर आ रहे थे। तभी जंगलपुर के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने तेज हॉर्न बजाया। इससे बाइक चालक लोकेश का संतुलन डगमगा गया। तभी हाईवा उसे टक्कर मारते हुए भाग निकला।

क्रशर प्लांट में जाकर छिपा था हाईवा चालक, पकड़ाया
हादसे के बाद हाईवा चालक मौके से फरार हो गया और लोहारा स्थित क्रशर प्लांट में जाकर छिप गया। घटनास्थल पर एक प्रत्यक्षदर्शी ने हाईवा का नंबर नोट किया था। रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए पुलिस ने हाईवा मालिक का पता लगाया। हाईवा किसी आनंद गुप्ता के नाम पर रजिस्टर्ड है, जो गणपति मैटल क्रशर का संचालक है। रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए पुलिस क्रशर प्लांट पहुंची, जहां हाईवा को कब्जे में लिया। वहीं आरोपी चालक सनत कुमार को हिरासत में लिया।