जबलपुर में 11वीं की छात्रा से रेप:पेट दर्द की जांच कराई तो 6 महीने की प्रेग्नेंट निकली; नानी के किराएदार ने किया था दुष्कर्म..

जबलपुर22 दिसम्बर(वेदांत समाचार)। जिले में 11वीं की छात्रा के साथ रेप का मामला सामने आया। छात्रा के साथ जून में उसकी नानी के घर में रेप हुआ था। किराए से रहने वाले आरोपी ने प्यार भरी बातों में फंसा कर उसका शोषण किया। पेट दर्द पर अस्पताल पहुंची, तो डॉक्टर ने उसे 6 महीने का गर्भ बताया। छात्रा के बयान पर कुंडम पुलिस ने रेप सहित पॉक्सो एक्ट का मामला दर्ज कर लिया है।

कुंडम पुलिस के मुताबिक 17 वर्षीय छात्रा की मां का बचपन में ही निधन हो चुका है। पिता नरसिंहपुर गोटेगांव में टीचर हैं। वह नानी के साथ कुंडम क्षेत्र में रहती है। नानी भी टीचर हैं। उसकी नानी के घर दो साल पहले रोहित उइके किराए से रहता था। इस कारण रोहित को जानती थी। अभी उसका परिवार संदाबेली कुंडम में रह रहा है। वर्तमान में उसकी नानी के घर रोहित की रिश्तेदार प्रियंका मार्को किराए से रह रही है।

पार्टी के दौरान रोहित ने किया रेप

रोहित का प्रियंका के यहां आना-जाना था। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि कोचिंग और स्कूल आते-जाते रोहित उससे प्यार करता हूं, कहता था। वह उसे मना कर चुकी थी। जून 2021 में प्रियंका ने पार्टी रखी थी। खाना ऊपर छत पर बन रहा था। वह अकेली प्रियंका के कमरे में थी। तभी रोहित पहुंचा। मुंह दबाकर उसके साथ रेप किया। किसी को बताने पर बदनाम करने की धमकी देकर भाग गया। शर्मिंदगी के चलते वह चुप रह गई।

मेडिकल में भर्ती है छात्रा

जून के बाद से उसका पीरियड रुक गया था। कुंडम में डॉक्टर को दिखाया था। कुछ समय से उसे पेट में दर्द हो रहा था। उसने नानी को आपबीती सुनाई। नानी के बताने पर पिता उसे एल्गिन ले गए। वहां पता चला कि वह छह माह के गर्भ से है। इसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। अस्पताल की सूचना पर गढ़ा पुलिस बयान दर्ज करने पहुंची थी। गढ़ा पुलिस की जीरो पर दर्ज केस डायरी कुंडम पहुंची। पुलिस मामले में 21 दिसंबर को रेप, धमकी व पॉक्सो एक्ट का प्रकरण दर्ज किया।