Vedant Samachar

कंपनी बेचने के बाद सीईओ ने कर्मचारियों में बांटे 240 मिलियन डॉलर

Vedant Samachar
3 Min Read

बिना इक्विटी के भी मिला बड़ा बोनस

लुइसियाना ,26दिसंबर । अमेरिका के लुइसियाना में स्थित फैमिली बिजनेस फाइबरबॉन्ड के सीईओ ग्राहम वॉकर ने कंपनी बेचने के बाद ऐसा फैसला लिया है, जिसकी चर्चा अब दुनियाभर में हो रही है। कंपनी की बिक्री से मिली रकम में से उन्होंने 15 प्रतिशत हिस्सा, यानी करीब 240 मिलियन अमेरिकी डॉलर (लगभग 21.55 अरब रुपये), सीधे अपने 540 फुल-टाइम कर्मचारियों में बांट दिया। खास बात यह है कि इन कर्मचारियों के पास कंपनी की कोई इक्विटी नहीं थी, फिर भी उन्हें इस डील का बड़ा हिस्सा मिला।

फाइबरबॉन्ड को अमेरिकी दिग्गज कंपनी Eaton को बेचा गया। इस सौदे में ग्राहम वॉकर ने शर्त रखी कि सेल प्रोसीड्स का हिस्सा कर्मचारियों को दिया जाएगा। यह जानकारी वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में सामने आई है। वॉकर के मुताबिक, यह फैसला उन कर्मचारियों की लॉयल्टी और भरोसे के सम्मान में लिया गया, जो उन्होंने कंपनी के कठिन दौर में दिखाया।

हर कर्मचारी को मिले 4.43 लाख डॉलर
बोनस की रकम किसी के लिए भी चौंकाने वाली रही। औसतन हर कर्मचारी को करीब 4.43 लाख डॉलर (लगभग 3.7 करोड़ रुपये) का बोनस मिला। यह राशि एकमुश्त नहीं, बल्कि पांच साल में दी जाएगी, बशर्ते कर्मचारी कंपनी में बने रहें। जून 2025 से बोनस की पेमेंट शुरू हो चुकी है।

इस फैसले ने कई कर्मचारियों की जिंदगी बदल दी। 1995 से कंपनी में काम कर रहीं एक महिला कर्मचारी, जो कभी 5.35 डॉलर प्रति घंटा की सैलरी पर थीं, उन्होंने बोनस से मॉर्टगेज चुकाया और क्लोदिंग बुटीक शुरू किया। उनके मुताबिक, पहले जिंदगी सैलरी से सैलरी तक सीमित थी, अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। अन्य कर्मचारियों ने इस रकम से कर्ज चुकाया, कार खरीदी, बच्चों की कॉलेज फीस भरी, रिटायरमेंट फंड मजबूत किया या परिवार के साथ यात्रा की योजना बनाई।

कई कर्मचारियों को शुरुआत में यकीन ही नहीं हुआ। कुछ ने इसे मजाक समझा, तो कई लोग भावुक हो गए। ग्राहम वॉकर ने माना कि कुछ कर्मचारियों ने बोनस मिलते ही उसे खर्च कर दिया। उनके शब्दों में, “आखिरकार यह उनका पैसा है, फैसला भी उनका ही है।”

फाइबरबॉन्ड की कहानी संघर्ष और वापसी की मिसाल रही है। कंपनी की स्थापना 1982 में ग्राहम के पिता क्लॉड वॉकर ने की थी। 1998 में फैक्ट्री में आग लगने के बावजूद कर्मचारियों की सैलरी नहीं रोकी गई। डॉट-कॉम बबल के दौरान छंटनी हुई, लेकिन बाद में ग्राहम और उनके भाई ने कंपनी संभाली, कर्ज चुकाया और नई डिवीजन शुरू की। इसके बाद बिक्री में 400 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई।

सोशल मीडिया पर इस कदम को क्रिसमस की सबसे सकारात्मक खबरों में से एक बताया जा रहा है।

Share This Article