फाइनल ट्रायल के लिए क्रिकेटर परिवेश धर को बुलावा आया,सिलेक्ट हुए तो मुंबई इंडियंस के लिए खेलेंगे, पहले दौर में दो खिलाड़ियों ने दिया था ट्रायल…

बिलासपुर 22 दिसम्बर(वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ और बिलासपुर के लिए खुशखबरी है। मुंबई इंडियंस में फाइनल ट्रायल के लिए बिलासपुर क्रिकेटर परिवेश धर को बुलावा आया है। पहले दौर के ट्रायल में सफल होने के बाद अब उसे 23 दिसंबर को फाइनल ट्रायल देना होगा।

छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ के सचिव विंटेश अग्रवाल ने बताया कि परिवेश धर ऑलराउंडर खिलाड़ी हैं। वह बेहतर बल्लेबाजी के साथ ही अच्छे बॉलर भी हैं। परिवेश छत्तीसगढ़ टीम से अंडर 25 में खेल रहा है। सय्यद मुश्ताक अली रणजी टी-20 में भी खेल चुका है। 29 और 30 नवंबर को परिवेश धर के साथ ही शुभम सिंह को मुंबई इंडियंस टीम में ट्रायल के लिए बुलाया गया था। उस दौर में शुभम और परिवेश दोनों ने ट्रायल दिया था।

पहले दौर के प्रदर्शन के बाद अब परिवेश धर को फाइनल ट्रायल के लिए बुलाया गया है। परिवेश 23 दिसंबर को फाइनल ट्रायल देगा। छत्तीसगढ़ के साथ ही बिलासपुर क्रिकेट संघ ने मुंबई इंडियंस के फाइनल ट्रायल में उसका चयन होने की उम्मीद जताई है।

भाजपा नेता पल्लव धर हैं परिवेश के पिता
तोरवा क्षेत्र के होनहार युवक परिवेश धर के पिता पल्लव धर भाजपा नेता हैं। तोरवा क्षेत्र से पार्षद रह चुके पल्लव धर सामाजिक कार्यकर्ता हैं और भाजपा में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। भाजपा संगठन में वे मंडल पदाधिकारी भी रह चुके हैं। परिवेश धर का चयन होने पर पिता सहित परिजनों ने भी खुशी जाहिर करते हुए इसे गौरव का क्षण बताया है।

शहर के लिए गौरव, पदाधिकारियों ने दी शुभमकामनाएं
परिवेश धर का फाइनल ट्रायल में चयन होने पर छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ के कोषाध्यक्ष मुकुल तिवारी, बिलासपुर के अध्यक्ष नवीन जाजोदिया, अनुराग वाजपेयी, देवेंद्र सिंह, सुशांत राय, आशीष शुक्ला, सहित अन्य ने इसे बिलासपुर के लिए गौरव बताया है। साथ ही उन्होंने परिवेश धर को मुंबई इंडियंस टीम में चयन के लिए शुभकामनाएं दी है।