धान खरीदी केंद्र में धरने पर बैठे किसान, आरोप- ख़राब बताकर 160 क्विंटल धान को किया रिजेक्ट

धमतरी। जिले के कुरमातराई धान खरीदी केंद्र में धान खरीदी बंद करा दी गई है। चार गांव के किसानों की धान को रिजेक्ट करने पर किसान धरने पर बैठ गए हैं। धान रिजेक्ट करने को लेकर किसानों में आक्रोश का माहोल है। जिला पंचायत सदस्य केशव दमयंती के नेतृत्व में खरीदी केंद्र के सामने धरने पर बैठे किसान रिजेक्ट किए गए धान को खरीदे जाने की मांग कर रहे।

जानकारी के मुताबिक कुरमातराई स्थित धान खरीदी केंद्र में कुरमातराई, पिपरछेड़ी, रीवागहन और दरगान के किसान अपना धान बेचने के लिए आते हैं। किसानों का आरोप है कि समिति के कुछ सदस्य अपनी मनमानी कर रहे हैं। पिछले 1 सप्ताह से अच्छे किस्म के धान को भी खराब बताकर रिजेक्ट किया जा रहा है। बताया गया है कि आज तक की स्थिति में करीब 400 कट्टा यानी कि 160 क्विंटल धान को रिजेक्ट किया गया है। जिससे किसानों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिल रहा है।

किसानों का कहना है कि यदि इसी तरह किसानों के धान को रिजेक्ट किया गया तो धान खरीदी केंद्र में कोई भी किसान अपना धान नहीं बेचेगा। मौके पर जिला पंचायत सदस्य दमयंती केशव साहू, रामचंद्र साहू, विश्राम सिन्हा, हरि साहू, कलीराम, जयराम ध्रुव, कमलेश्वर सरपं, बुधराम, सियाराम, सुदर्शन, बुधराम, रामदयाल, घासीराम सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद हैं।

इन किसानों का धान किया गया रिजेक्ट

बताया गया है कि अब तक की स्थिति में किसान धर्म लाल साहू, खूबलाल साहू, छबिलाल साहू, गिरधर साहू, गैसलाल, थानसिंह, पुखराज, महेंद्र कुमार ,लेखराम, प्रभुराम साहू आदि किसानों के करीब 160 क्विंटल धान को रिजेक्ट किया गया है।