Chhattisgarh : कैंपिंग के दौरान दिखे तेंदुए, तलाश में जुटा वन विभाग

कोंडागांव 19 दिसम्बर (वेदांत समाचार)। जिले में शनिवार की रात एक तेंदुआ देखा गया है। बताया जा रहा है कि पर्यटकों ने तेंदुआ को केशकाल-टाटामारी मार्ग में देखा है। जिन्होंने अपने कैमरे में तेंदुआ की तस्वीर भी कैद की है। हालांकि शोरगुल की वजह से तेंदुआ जंगल की तरफ भाग गया है। टाटामारी में तेंदुआ देखे जाने के बाद अब इलाके के लोगों में दहशत देखने को मिल रही है। इधर, वन विभाग की टीम भी तेंदुआ की तलाश में जुटी हुई है।

जानकारी के मुताबिक, इन दिनों टाटामारी में युवाओं की नाइट कैंपिंग चल रही है। जिस जगह युवा तंबू गाड़ कर बैठे हुए हैं, उसी से कुछ दूरी पर ही तेंदुआ देखा गया है। बताया जा रहा है कि, शनिवार की रात युवा केशकाल से टाटामारी की तरफ जा रहे थे। इस बीच उन्होंने सड़क किनारे रेत पर कुछ चहल-पहल होते देखा था। जिसके बाद कार को रोक कर उसी तरफ उजाला किया। फिर देखा कि एक तेंदुआ रेत पर बैठ आराम फरमा रहा है। जिसके तुरंत बाद युवा वहां से चले गए। हालांकि तेंदुआ ने अब तक इलाके के किसी भी व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचाया है।

ठंड का मौसम शुरू होते ही ज्यादातर सैलानी बस्तर आना पसंद करते हैं। जिन्हें कोंडागांव जिले के केशकाल में टाटामारी की खूबसूरत वादियों के बीच कैंपिंग करना ज्यादा पसंद है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन ने टाटामारी में कई खास इंतजाम किए हुए हैं। फिलहाल यहां पर वर्तमान में 3 दिन की युवाओं की ट्रैकिंग चल रही है जिसका रविवार को अंतिम दिन है।