रायपुर, 05 अप्रैल 2026 (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। 4 अप्रैल 2026 की रात चलाए गए विशेष अभियान के दौरान शहर के 8 अलग-अलग स्थानों पर महज चार घंटे के भीतर 121 चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
यह अभियान यातायात एवं प्रोटोकॉल पुलिस उपायुक्त श्री विकास कुमार के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान के दौरान संदिग्ध वाहन चालकों की जांच की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। सभी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक शराब पीकर वाहन चलाने के कुल 1,724 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जो वर्ष 2025 के 1,537 मामलों से अधिक हैं। यह आंकड़ा इस बात की ओर इशारा करता है कि नियमों के बावजूद लोग लापरवाही बरत रहे हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और लोगों की जान बचाना है। लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस अब और अधिक सख्ती के साथ अभियान चला रही है।
साथ ही, नागरिकों से अपील की गई है कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं। यदि किसी ने शराब का सेवन किया है तो वह कैब का उपयोग करें या परिवार के किसी सदस्य की मदद लें। मोटर साइकिल चलाते समय हेलमेट पहनना अनिवार्य है और नाबालिगों को वाहन चलाने से रोकना भी सभी की जिम्मेदारी है।
ट्रैफिक पुलिस, कमिश्नरेट रायपुर ने कहा है कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अचानक चलाए जाने वाले प्रवर्तन अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
