World’s most admired 2021: पहले के मुकाबले घट गई मोदी की लोकप्रियता, टॉप 20 में पांच भारतीय, पहली बार पाकिस्तानी पीएम का भी नाम

प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता पहले के मुकाबले घट गई है। जिसकी वह से वे दुनिया के सबसे प्रशंसित लोगों की सूची में आठवें नंबर पर चले गए हैं। जबकि पिछले साल जारी की गई सूची में वे चौथे नंबर पर थे। इस सूची के टॉप 20 में प्रधानमंत्री मोदी सहित पांच भारतीयों को जगह दी गई है। इस बार पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान का नाम भी इस लिस्ट में शामिल किया गया है।

दरअसल अंतरराष्ट्रीय डाटा एनालिटिक्स ग्रुप YouGov ने दुनिया के सबसे प्रशंसित (World’s Most Admired 2021) की लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में प्रधानमंत्री मोदी को आठवें नंबर पर जगह दी गई है। जबकि पिछले साल वे चौथे नंबर पर थे। इस लिस्ट में पहले नंबर पर अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा का नाम है। पिछले साल भी वे दुनिया के सबसे प्रशंसित लोगों की लिस्ट में सबसे पहले पायदान पर थे।

YouGov द्वारा जारी की गई लिस्ट में प्रधानमंत्री मोदी के अलावा चार और भारतीयों को जगह दी गई है। इस लिस्ट में प्रधानमंत्री मोदी के बाद 12वें नंबर पर क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर का नाम शामिल है। वहीं फिल्म अभिनेता शाहरुख़ खान इस सूची में 14वें नंबर पर हैं। इस सूची में फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन को भी शामिल किया गया और वे 15वें नंबर पर हैं। इसके अलावा इस लिस्ट में 18 वें नंबर पर विराट कोहली को जगह मिली है।

वहीं दुनिया के सबसे प्रशंसित लोगों की सूची में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान को 17वें नंबर पर रखा गया है। हालांकि पिछली बार उन्हें इस लिस्ट में शामिल नहीं किया गया था। इस लिस्ट में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन 20वें नंबर पर हैं। वहीं रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को इस सूची में 9वें स्थान पर शामिल किया गया है। इस सूची को तैयार करने के लिए 38 देशों के करीब 42 हजार लोगों के बीच सर्वे किया गया था। लिस्ट में दूसरा, तीसरा, चौथा और पांचवां स्थान अरबपति बिल गेट्स, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग, फुटबॉल खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो और अभिनेता जैकी चैन ने हासिल किया है।

YouGov ने दुनिया के सबसे प्रशंसित पुरुषों के अलावा सबसे प्रशंसित महिलाओं की सूची भी जारी की है। इस लिस्ट में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा की पत्नी मिशेल ओबामा ने पहला स्थान हासिल किया है। वहीं इस लिस्ट में दूसरे और तीसरे स्थान पर अभिनेत्री एंजेलिना जोली और महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को जगह दी गई है। इस सूची में अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा 10वें पायदान पर हैं। प्रियंका चोपड़ा के अलावा दो और भारतीय महिला का नाम इस सूची में शामिल है। इस सूची में अभिनेत्री ऐश्वर्या राय ने 13वां स्थान और इंफोसिस की चेयरपर्सन सुधा मूर्ति ने 14वां स्थान हासिल किया है।