दो दिवसीय भारत दौरे पर फ्रांस की रक्षा मंत्री, पीएम मोदी और राजनाथ सिंह से करेंगी मुलाकात

नई दिल्ली । फ्रांस की रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पार्ली दो दिवसीय भारत दौरे पर हैं। भारत-फ्रांस के बीच रणनीतिक और रक्षा संबंधों को मजबूत करने के लिए वे यहां आई हैं। अपने दौरे के दौरान फ्रांस की रक्षा मंत्री पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगी। इसके अलावा वो अपने समकक्ष राजनाथ सिंह से भी मुलाकात करेंगी। फ्लोकेंस पार्ली का राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल से भी मिलने का कार्यक्रम है। फ्रांस के दूतावास ने इसकी जानकारी दी है। दूतावास ने आगे बताया कि वार्ता में व्यापक रूप से भारत-फ्रांस रक्षा सहयोग के पहलू शामिल होंगे।

भारत दौरे पर आईं फ्रांस की रक्षा मंत्री ने कहा, मैं भारत आकर खुश हूं। भारत और फ्रांस की दोस्ती अनमोल है। हाल के वर्षों में हमारा एक-दूसरे पर विश्वास इतना बढ़ गया है कि भारत की गंगा नदी और फ्रांस की सिएन नदी के बीच दूरी कम लगती है।

दिल्ली के विज्ञान भवन में होगी बैठक

भारत और फ्रांस के बीच आज रक्षा वार्ता होनी है। दिल्ली के विज्ञान भवन में होने वाली इस वार्ता में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शिरकत करेंगे। रक्षा वार्ता में भारत और फ्रांस के बीच रक्षा सहयोग, आपरेशनल रक्षा सहयोग, आतंकवादी विरोधी सहयोग पर चर्चा होगी।