Vedant Samachar

Crime news:नाबालिग से मारपीट व दुष्कर्म का मामला, दो आरोपी गिरफ्तार,

Vedant samachar
3 Min Read

0.बीजेडी ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल, सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा में विफलता का आरोप

भुवनेश्वर। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के धौली थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के साथ मारपीट, लूटपाट और कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। इस संबंध में मंगलवार को भुवनेश्वर के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ने पूरे मामले की जानकारी साझा की।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 10 दिसंबर की रात करीब 8 बजे लिंगीपुर से बांकुआला दया नदी के तटबंध की ओर जाने वाली नहर सड़क पर, लिंगीपुर गांव के पास हुई। मामले की सूचना पुलिस को 11 दिसंबर की सुबह लगभग 4 बजे मिली। खुर्दा जिले की रहने वाली पीड़िता की मां ने धौली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत में बताया गया कि धौली से लौटते समय उनकी 17 वर्षीय बेटी और उसकी सहेली पर दो युवकों ने हमला कर लूटपाट की। आरोपियों द्वारा 20 ग्राम सोने की चेन और 5 ग्राम चांदी की वस्तु छीनने की बात कही गई, जिसके आधार पर पहले संपत्ति चोरी का मामला दर्ज किया गया।

हालांकि, बाद में पीड़िता और उसकी मां दोबारा थाने पहुंचीं और आरोप लगाया कि नाबालिग लड़की के साथ दोनों युवकों ने यौन उत्पीड़न किया है। नए आरोप सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के साथ-साथ पॉक्सो अधिनियम की धारा 6 जोड़ दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं और आगे की जांच जारी है।

इधर, विपक्षी दल बीजू जनता दल (बीजेडी) ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। मंगलवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेडी की वरिष्ठ नेता स्नेहांगिनी छुरिया ने ओडिशा सरकार पर महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल रहने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि जिस सरकार ने महिलाओं को मजबूत सुरक्षा देने का वादा किया था, वह ऐसे जघन्य अपराधों को रोकने में नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि नाबालिग लड़की के साथ उसके परिचित के सामने सामूहिक दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराधों में न्याय आखिर कहां है।

बीजेडी ने दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए राज्य में महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने की आवश्यकता पर जोर दिया है।

Share This Article