धान खरीदी में अनियमितता, भोथिया खरीदी केन्द्र प्रभारी को कारण बताओ सूचना जारी

जांजगीर-चांपा, 16 दिसंबर, (वेदांत समाचार)। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में राज्य सरकार के निर्देशों का पालन नही करने पर भोथिया धान उपार्जन केन्द्र के प्रभारी अशोक कुमार चन्द्रा को जिला सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी ने कारण बताओ सूचना जारी कर 3 दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने कहा है।


नोडल अधिकारी द्वारा जारी कारण बताओ नोटिस के अनुसार शनिवार 11 दिसंबर को जाँचकर्ता अधिकारी बाराद्वार शाखा के स.वि.अ. सुशील कुमार सूर्यवशी एवं पर्यवेक्षक रोहित कुमार राठौर द्वारा भोथिया उपार्जन केंद्र का निरीक्षण किया गया। निरिक्षण में तौल किये गए बोरी से धान चोरी कर निकलना, खरीदे गये धान का स्टेक नहीं लगाना, खरीदे गये धान का वजन अधिक/कम होना और धान में नमी की मात्रा अधिक पाया गया।


उक्त कृत्य छत्तीसगढ़ शासन के धान खरीदी नीति का उल्लंघन है। इस संबंध में स्पष्टीकरण 03 दिवस के भीतर धान खरीदी केन्द्र प्रभारी अशोक कुमार चन्द्रा को स्वयं उपस्थित होकर प्रस्तुत करने कहा गया है। स्पष्टीकरण प्रस्तुत नही करने की स्थिति में सहकारी सेवा नियम के तहत कार्यवाही हेतु प्रतिवेदन कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जावेगा। जिसके लिए वे स्वयं जावबदार होगें।