[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

छत्तीसगढ़ पुलिस आरक्षक संवर्ग परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों का सम्मान, एसपी भावना गुप्ता ने बढ़ाया उत्साह

बलौदाबाजार, 12 दिसंबर (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ पुलिस आरक्षक संवर्ग परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों का आज जिला मुख्यालय में सम्मान किया गया। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता ने चयनित युवाओं को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को नव ऊर्जा एवं उत्साह के साथ आगामी प्रशिक्षण और भविष्य की जिम्मेदारियों के लिए प्रेरित किया।

समारोह में बताया गया कि जिला बलौदाबाजार पुलिस द्वारा आरक्षक पुरुषोत्तम बंजारे के मार्गदर्शन में संचालित अकादमी के कुल 15 अभ्यर्थियों का इस वर्ष आरक्षक भर्ती में चयन हुआ है। इन अभ्यर्थियों ने कठिन तैयारी और अनुशासन के बल पर सफलता हासिल की है, जिसके लिए उन्हें पुलिस विभाग की ओर से विशेष रूप से सराहा गया।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती गुप्ता ने कहा कि यह उपलब्धि सिर्फ अभ्यर्थियों की नहीं, बल्कि जिले के लिए भी गर्व का विषय है। उन्होंने अभ्यर्थियों को आगे आने वाली चुनौतियों और सेवा के दायित्वों के प्रति सजग रहने की सलाह दी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि “मिशन उड़ान” के तहत आगामी भर्ती परीक्षाओं के लिए पुलिस विभाग द्वारा हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। तैयारी के लिए आवश्यक उपकरण, बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं और अनुभवी ट्रेनर्स की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि और भी अधिक युवा पुलिस सेवा में चयनित हो सकें।

कार्यक्रम के दौरान चयनित अभ्यर्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और पुलिस विभाग द्वारा मिली सहायता तथा मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। समारोह उत्साह और प्रेरणा के माहौल के साथ संपन्न हुआ।

[metaslider id="133"]