एमसीबी,31 मार्च 2026/ प्रदेश के युवाओं को निजी क्षेत्र में अधिक से अधिक अप्रेंटिसशिप एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला स्तरीय अप्रेंटिसशिप/प्लेसमेंट मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला 13 अप्रैल 2026 को शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), जनकपुर, जिला एमसीबी (छत्तीसगढ़) में आयोजित होगा। मेले में निजी क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों द्वारा तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों के लिए सीधे साक्षात्कार लेकर चयन किया जाएगा। साथ ही अभ्यर्थियों का पंजीयन नेशनल अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर भी कराया जाएगा।
आवश्यक दस्तावेज – मेले में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को निम्न दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा। 10वीं एवं 12वीं की अंकसूची, आईटीआई प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, दो पासपोर्ट साइज फोटो ।
कौन कर सकते हैं भागीदारी – आईटीआई के किसी भी ट्रेड में उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थी तथा अन्य इच्छुक युवक-युवतियां इस मेले में भाग ले सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी नेशनल अप्रेंटिसशिप पोर्टल ( www-apprenticeshipindia-gov-in@candidate&login) साइट पर ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं तथा जिला स्तरीय अप्रेंटिसशिप/प्लेसमेंट मेला में अपने समस्त दस्तावेज के साथ साक्षात्कार हेतु उपस्थित होकर अपनी योग्यता अनुसार रोजगार प्राप्त कर सकते है।
उद्योगों के लिए भी अवसर – जिले एवं आसपास के सभी उद्योगों को भी इस मेले में आमंत्रित किया गया है, ताकि वे अपने संस्थानों के लिए योग्य उम्मीदवारों का चयन कर सकें। जिन उद्योगों को भर्ती करनी है, वे अपने यहां आवश्यक पदों की संख्या, न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता एवं स्पॉन्सरशिप संबंधी जानकारी संस्था के ईमेल itijanakpur@gmail-com पर प्रेषित कर सकते हैं। अतः सभी इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील है कि वे अपने समस्त दस्तावेजों के साथ निर्धारित तिथि को उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाएं।
