[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

NTPC तलईपल्ली परियोजना में CISF की औपचारिक तैनाती शुरू, सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत

घरघोड़ा/रायगढ़, 11 दिसंबर (वेदांत समाचार)। एनटीपीसी तलईपल्ली कोयला खनन परियोजना में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की औपचारिक तैनाती का भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि नीलिमा रानी सिंह, महानिरीक्षक, CISF मध्य सेक्टर ने उपस्थिति दर्ज कराते हुए कार्यक्रम को विशेष बनाया।

समारोह में अखिलेश सिंह, परियोजना प्रमुख तलईपल्ली परियोजना, दया शंकर, उप महानिरीक्षक CISF (मध्य क्षेत्र), पियाली शर्मा, उप महानिरीक्षक CISF (मध्य खंड) सहित CISF और एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत गार्ड ऑफ ऑनर से हुई। इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज एवं CISF ध्वज का ध्वजारोहण किया गया। CISF जवानों द्वारा प्रभावशाली मॉक ड्रिल प्रस्तुत की गई, जिसने उनकी तत्परता और क्षमताओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

समारोह में बताया गया कि तलईपल्ली परियोजना की सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने गृह मंत्रालय द्वारा 256 CISF जवानों की तैनाती स्वीकृत की गई है। यह तैनाती परियोजना के सुरक्षा ढांचे में नए आयाम जोड़ेगी।

परियोजना प्रमुख अखिलेश सिंह ने CISF की तैनाती को परियोजना की प्रगति का महत्वपूर्ण कदम बताया। महानिरीक्षक नीलिमा रानी सिंह ने परियोजना की सुरक्षा के प्रति पूर्ण प्रतिबद्धता का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए गए। इसके बाद परियोजना क्षेत्र की सुरक्षा के नए अध्याय की शुरुआत का प्रतीकात्मक उद्घाटन करते हुए ‘मॉडल चाबी’ महानिरीक्षक को सौंपी गई।

CISF की तैनाती के साथ तलईपल्ली कोल माइनिंग परियोजना अब किसी भी अनाधिकृत प्रवेश, अवैध गतिविधियों और बाहरी हस्तक्षेप से पूरी तरह सुरक्षित रहेगी। CISF के प्रशिक्षित और अनुशासित जवान 24 घंटे निगरानी करेंगे, जिससे संचालन और भी सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में होगा।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद प्रस्ताव और CISF यूनिट के निरीक्षण के साथ किया गया।

[metaslider id="133"]