रायपुर, 08 दिसंबर (वेदांत समाचार)। तेलीबांधा थाना क्षेत्र के व्हीआईपी रोड स्थित राम मंदिर के बाहर हुई सोने की चैन लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि घटना में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की सोने की चैन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। जप्त मशरुका की कुल कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये बताई गई है।
घटना 27 अक्टूबर 2025 की है, जब प्रार्थी निधिस राव अपने दोस्त अभिषेक दुबे के साथ राम मंदिर दर्शन के बाद बाहर खड़े थे। इस दौरान होंडा साइन मोटरसाइकिल से पहुंचे दो युवकों ने उनसे गाली-गलौज करते हुए मारपीट की धमकी दी। आरोपियों ने प्रार्थी के कॉलर को पकड़कर उसके गले से सोने की चैन लूट ली। विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू दिखाकर डराया और मौके से फरार हो गए। घटना पर तेलीबांधा थाने में अपराध क्रमांक 697/25 दर्ज किया गया था।
लूट की गंभीर घटना को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। जांच टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों की मदद से तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को हसमुख महानंद नामक युवक के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पूछताछ में हसमुख ने अपने साथी के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसने यह भी बताया कि लूट की गई सोने की चैन को उसने अपने साथी की मौसी कौशिल्या महेश्वरी को बिक्री के लिए दिया था।
पुलिस ने महिला आरोपी कौशिल्या महेश्वरी को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूट की चैन बरामद की। पुलिस के अनुसार महिला आरोपी चैन के लूट का होने की जानकारी होने के बावजूद उसे अपने पास बिक्री के लिए रखे हुई थी, जिसके आधार पर उसके खिलाफ धारा 317(2) बीएनएस जोड़ी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में हसमुख महानंद (19 वर्ष) निवासी संकल्प होम सोसायटी लाभांडी और कौशिल्या महेश्वरी (35 वर्ष) निवासी सूरज नगर, लाभांडी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों से लूट की चैन और मोटरसाइकिल जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
जांच और गिरफ्तारी की इस कार्रवाई में तेलीबांधा थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र मिश्रा, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट के प्रभारी निरीक्षक परेश पांडेय सहित कई पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
