दुर्ग, 23 नवंबर (वेदांत समाचार)। थाना पुलगांव पुलिस ने ऑपरेशन विश्वास अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता दर्ज करते हुए प्रतिबंधित स्वापक औषधि तस्करी में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से प्रतिबंधित कफ सिरप की 29 शीशियां सहित अन्य साक्ष्य भी बरामद किए हैं।
कार्रवाई से जुड़े मामले में पुलिस ने बताया कि 30 अक्टूबर 2025 को मुखबिर से प्राप्त सूचना पर पीसेगांव बांधा तालाब, नदी रोड क्षेत्र में दबिश दी गई थी। इस दौरान आरोपी संजय तिवारी और वासु चंद्राकर को प्रतिबंधित दवा ट्रिप्रोलिडीन-कोडीन सिरप की 130 शीशियां (कुल 13 लीटर), दो मोबाइल फोन, दो वाहन तथा 3000 रुपये नकद समेत कुल 89,140 रुपये के माल के साथ पकड़ा गया था। दोनों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था।
जांच के दौरान मामले के एक अन्य फरार आरोपी अजय कुमार यादव उर्फ अज्जू की तलाश की जा रही थी। उसके मिलने पर पुलिस ने पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने घटना में प्रयुक्त वीवो मोबाइल फोन तथा उसके फोन पे ऐप से 18 मई 2022 से 28 अक्टूबर 2025 के बीच वासु एल.के. के नाम पर कई बार ऑनलाइन राशि भेजे जाने की पुष्टि की है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने प्रतिबंधित CODIVA कफ सिरप की 29 शीशियां (Triprolidine Hydrochloride & Codeine Phosphate Syrup 100 ml) अंजोरा–महमरा रोड स्थित नर्सरी के सामने झाड़ियों में छिपाकर रखने की जानकारी दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सिरप को विधिवत् बरामद कर लिया।
आरोपी अजय कुमार यादव के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने कहा कि ऑपरेशन विश्वास अभियान के तहत नशे के कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
