जगदलपुर-रायपुर,15नवंबर (वेदांत समाचार) । छ्त्तीसगढ़ में जगदलपुर-रायपुर रूट पर फ्लाइट दोबारा शुरू हो सकती है। इसके लिए डायरेक्टर ऑफ एविएशन और छ्त्तीसगढ़ सरकार के बीच बातचीत चल रही है। यात्री कम मिलने के बाद यदि राज्य सरकार एलायंस एयर को फाइनेंशियल हेल्प करने की हामी भरती है तो जल्द ही इस रूट पर फ्लाइट उड़ान भरेगी।
इधर, हैदराबाद के लिए सप्ताह के पूरे सातों दिन फ्लाइट चल रही है। विमानन कंपनी को इस रूट पर लगभग 99 प्रतिशत यात्री मिल रहे हैं। जबकि दिल्ली के लिए सप्ताह में हर सोमवार और गुरुवार को एलायंस एयर की फ्लाइट उड़ान भरती है।
पहले जानिए क्यों बंद हुई थी रायपुर की फ्लाइट?
एलायंस एयर ने रायपुर-जगदलपुर-हैदराबाद रूट पर फ्लाइट शुरू की थी। जगदलपुर से हैदराबाद के लिए तो लगातार 99 प्रतिशत यात्री मिल रहे थे, लेकिन रायपुर रूट पर सिर्फ 55 प्रतिशत ही यात्री टिकटों की बुकिंग करवा रहे थे। इसी रूट पर इंडिगों ने भी अपनी सेवा शुरू कर दी थी। जिससे एलायंस एयर कंपनी को घाटा हो रहा था। जिसके बाद कंपनी ने इस रूट पर विमान सेवा बंद कर दी थी।
वहीं वर्तमान में रायपुर-जगदलपुर विमान सेवा शुरू करने का शेड्यूल भी आ गया है, लेकिन अब पूरा मामला राज्य सरकार की तरफ से अटक गया है। एलायंस एयर को विमान सेवा शुरू करने के लिए राज्य सरकार से वीजीएफ (वायाबिलिटी गैप फंडिंग) दी जानी है। जब तक राज्य सरकार वीजीएफ देने का अनुबंध एलायंस एयर के साथ नहीं करती है तब तक रायपुर-जगदलपुर विमान सेवा शुरू नहीं होगी।
यदि एलायंस एयर जगदलपुर से रायपुर के बीच 72 सीटर विमान का संचालन करती है और यदि किसी दिन 35 यात्रियों ने टिकट खरीदी और 37 सीटें खाली रहीं तो इन 37 सीटों की क्षतिपूर्ति राशि राज्य सरकार एलायंस एयर को देगी। ताकि विमान का संचालन प्रभावित न हो। हालांकि, इस फंडिंग से राज्य सरकार पर वित्तीय भार भी अधिक पड़ेगा।
अब जानिए दिल्ली रूट पर क्या हो रही दिक्कत?
सप्ताह में सोमवार और गुरुवार को जगदलपुर-जबलपुर-दिल्ली के लिए एलायंस एयर अपनी सेवा दे रही है। सोमवार की फ्लाइट जगदलपुर से उड़ान भरने के बाद जबलपुर में लैंड करती है। यहां से यात्रियों को लेकर फिर सीधे दिल्ली जाती है। यदि कोई यात्री जगदलपुर से दिल्ली के लिए टिकट बुक करता है तो उसे फ्लाइट बदलने की जरूरत नहीं पड़ती है।
लेकिन, गुरुवार को चलने वाली फ्लाइट में थोड़ा बदलाव जरूर हुआ है। गुरुवार को जगदलपुर से दिल्ली जाने वाले यात्री को जबलपुर में उतरना पड़ रहा है। यहां दोबारा चेकइन करना पड़ रहा है। करीब 1 से डेढ़ घंटे का इंतजार करने के बाद फिर उसी एलायंस एयर की फ्लाइट से दिल्ली जा रहे हैं। हाल ही में ये बदलाव हुआ है। बताया जा रहा है कि एलायंस एयर की शॉर्टेज की वजह से कंपनी ने ये बदलाव किए हैं।
ऐसे में इसका खामियाजा यात्रियों को उठाना पड़ रहा है। इससे समय के साथ-साथ टिकटों के रेट में भी थोड़ा इजाफा हुआ है।
नए रूट्स पर फ्लाइट शुरू करने की मांग
बस्तर चैंबर ऑफ कॉर्मस ने नए रूट्स पर फ्लाइट शुरू करने की मांग की है। अध्यक्ष श्याम सोमानी ने कहा कि, रायपुर रूट पर फ्लाइट शुरू करवाने के लिए हमने पहले भी मांग उठाई थी। पत्राचार भी किया है। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार औद्योगिकरण को बढ़ावा दे रही है, इन्वेस्टर मीट का आयोजन किया जा रहा है। दूसरी तरफ आवागमन कम कर दिया गया है।
वर्तमान में जगदलपुर से हैदराबाद के लिए केवल एक फ्लाइट चल रही है। दिल्ली-जगदलपुर के लिए भी हरदिन फ्लाइट चलनी चाहिए। बस्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स की मांग है की सरकार को भुवनेश्वर और कोलकाता रूट पर भी फ्लाइट शुरू करवाए। जिससे व्यापार के साथ-साथ स्वास्थ्य सुविधा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके लिए अन्य शहरों से कनेक्टिविटी बेहद जरूरी है।
