बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों की रात जन सुराज पार्टी के लिए दोहरी दुखद खबर लेकर आई। पार्टी को न केवल करारी हार का सामना करना पड़ा, बल्कि भोजपुर जिले की तरारी विधानसभा सीट से उम्मीदवार चंद्रशेखर सिंह का निधन भी हो गया। वे पिछले 10 दिनों से हार्ट अटैक के बाद अस्पताल में भर्ती थे।
31 अक्टूबर को चुनाव प्रचार के दौरान चंद्रशेखर सिंह को अचानक दिल का दौरा पड़ा। घटना के तुरंत बाद उन्हें समर्थकों और परिजनों ने पटना ले जाकर अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनका इलाज चल रहा था। डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई और 14 नवंबर की देर रात उनका निधन हो गया।
तरारी सीट पर पहले चरण में ही मतदान हो चुका था, लेकिन बीमारी के कारण वे प्रचार से दूर रहे। उनकी मौत की खबर से न केवल समर्थक बल्कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी भी दुखी हैं। तरारी सीट से विजयी हुए बीजेपी उम्मीदवार विशाल प्रशांत ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। जन सुराज पार्टी के नेताओं ने चंद्रशेखर सिंह की मौत को पार्टी और क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
चंद्रशेखर सिंह मूल रूप से भोजपुर जिले के कुरमुरी गांव के रहने वाले थे और सेवानिवृत्त प्रधान शिक्षक थे। समाज में उनकी मजबूत पकड़ और सम्मान के चलते उन्हें ‘मास्टर साहब’ के नाम से जाना जाता था। उनका कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं था, लेकिन जन सुराज पार्टी बनने के बाद प्रशांत किशोर के विचारों से प्रभावित होकर उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा।
चुनाव परिणामों में तरारी सीट पर बीजेपी के विशाल प्रशांत ने 11,464 वोटों से जीत हासिल की, जबकि चंद्रशेखर सिंह को 2,271 वोट मिले। उनकी मौत से इलाके में शोक की लहर है और लोग उन्हें एक सरल, ईमानदार और समाजसेवी व्यक्तित्व के रूप में याद कर रहे हैं।
