[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

नकाबपोश लुटेरों को पुलिस ने चंद घंटों में दबोचा

सारंगढ़ कोतवाली पुलिस की बड़ी सफलता, दो आरोपी गिरफ्तार — ₹2.5 लाख के जेवर व नगद बरामद

सारंगढ़। थाना सिटी कोतवाली सारंगढ़ पुलिस ने नकाबपोश लूट के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और नगदी रकम मिलाकर लगभग ₹2.5 लाख का माल बरामद किया है।

इस बड़ी कार्रवाई को थाना प्रभारी निरीक्षक कामिल हक के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक श्री आजनेय वार्ष्णेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमीषा पाण्डेय एवं एसडीओपी सारंगढ़ के मार्गदर्शन में टीम गठित कर आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे।

घर में घुसकर की थी लूट

प्रार्थिया श्रीमती रमशीला चौहान निवासी ग्राम सराईपाली (अमझर) ने 4 नवंबर 2025 को थाना सिटी कोतवाली सारंगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात नकाबपोश व्यक्तियों ने हथियार के बल पर उनके घर में घुसकर सोना, चांदी और नगदी रकम मिलाकर लगभग ₹6 लाख की लूट की है।

रिपोर्ट पर थाना सारंगढ़ में अपराध क्रमांक 583/25 धारा 309(6) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।

पूर्व कर्मचारी निकला मास्टरमाइंड

विवेचना के दौरान पुलिस ने प्रार्थिया एवं ग्रामीणों से पूछताछ की तो संदेह एक युवक सुकेश कुमार सिदार पर गया, जो पूर्व में प्रार्थिया के खेत में कार्य करता था और उनके घर में आना-जाना रहता था। पुलिस ने जब उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की।

आरोपी सुकेश कुमार सिदार (27 वर्ष, निवासी जोगीडीपा) एवं उसका साथी पुरुषोत्तम सिदार (26 वर्ष, निवासी जोगीडीपा) से पुलिस ने लूट की नगदी एवं जेवरात कुल ₹2,50,000 कीमती बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

टीम को मिला सराहनीय सफलता

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कामिल हक, सउनि नरेन्द्र मनहर, प्रधान आरक्षक अर्जुन पटेल, आरक्षक सत्येन्द्र बंजारे, चंद्रप्रकाश पाल, भुनेश्वर चंद्र, सुरेंद्र पटेल, योगेश कुर्रे एवं अजय लहरे सहित समस्त स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

[metaslider id="133"]